साउथ सुपरस्टार थलपति विजय की फिल्म Jana Nayagan रिलीज से पहले ही लीक हो गई है, जिससे पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि फिल्म के कुछ अहम क्लिप्स और एचडी प्रिंट पायरेसी वेबसाइट्स पर वायरल हो गए हैं। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब फिल्म पहले से ही रिलीज में देरी का सामना कर रही थी। इस लीक ने न सिर्फ मेकर्स को बड़ा झटका दिया है, बल्कि फिल्म से जुड़े सैकड़ों लोगों की मेहनत पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोग इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं।
सर्टिफिकेशन में देरी बनी वजह? उठे सिस्टम पर सवाल
फिल्म की रिलीज केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड यानी CBFC के सर्टिफिकेशन में फंसी हुई है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कुछ हिस्सों पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंच गया। इसी देरी के बीच फिल्म का लीक होना कई सवाल खड़े कर रहा है। दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने इस मुद्दे पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक संयोग नहीं बल्कि सिस्टम की नाकामी का नतीजा है। उनके मुताबिक, अगर फिल्म समय पर रिलीज होती तो पायरेसी को इतना मौका नहीं मिलता। उन्होंने यह भी कहा कि जब दर्शकों को कानूनी रूप से कंटेंट उपलब्ध नहीं होता, तो अवैध रास्ते खुद-ब-खुद बढ़ जाते हैं।
The leak of #Jananayagan is not an accident – it is the result of systemic failure. Had due process been timely, we would not be here. Inordinate delays in certification created fertile ground for piracy. When legal access is stalled, illegitimate channels take over.
Piracy is…— Kamal Haasan (@ikamalhaasan) April 10, 2026
साउथ स्टार्स का गुस्सा, पायरेसी पर सख्त कार्रवाई की मांग
फिल्म लीक होने के बाद कई बड़े सितारों ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। सुपरस्टार रजनीकांत ने इसे बेहद दुखद बताया और कहा कि इस तरह की घटनाएं सिनेमा के लिए खतरा हैं। वहीं विजय देवरकोंडा ने भी अप्रत्यक्ष रूप से सिस्टम पर सवाल उठाते हुए पायरेसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्टार्स का कहना है कि पायरेसी सिर्फ एक फिल्म को नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि पूरे इंडस्ट्री के भविष्य को खतरे में डालती है। उन्होंने सरकार और संबंधित एजेंसियों से दोषियों को जल्द पकड़ने और सख्त सजा देने की अपील की है।
राजनीति से जुड़ी फिल्म, बढ़ा सस्पेंस और विवाद
जना नायगन को निर्देशक एच विनोथ ने बनाया है और इसे एक राजनीतिक ड्रामा बताया जा रहा है। यह फिल्म थलपति विजय की आखिरी फिल्म मानी जा रही है, क्योंकि इसके बाद वह अपनी पार्टी के साथ सक्रिय राजनीति में कदम रखने वाले हैं। ऐसे में फिल्म को लेकर पहले से ही काफी चर्चा थी। अब लीक और सर्टिफिकेशन विवाद के चलते मामला और भी गरमा गया है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि फिल्म की देरी और लीक के पीछे राजनीतिक कारण हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिल्म में बॉबी देओल, पूजा हेगड़े और प्रकाश राज जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
