Home मनोरंजन टाइगर श्रॉफ के घर-जिम की 10 दिन तक रेकी! फायरिंग के बाद...

टाइगर श्रॉफ के घर-जिम की 10 दिन तक रेकी! फायरिंग के बाद नेपाल भाग रहे थे आरोपी, अब खुलेगा बड़ा राज?

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में कोटा पुलिस ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। जांच में घर-जिम की कथित रेकी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े संपर्कों की पड़ताल हो रही है।

टाइगर श्रॉफ

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। राजस्थान के कोटा में पुलिस ने तीन मुख्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये लोग मुंबई से दिल्ली होते हुए नेपाल भागने की तैयारी में थे। सोमवार सुबह ट्रेन में संदिग्धों के सफर की सूचना मिलने पर कोटा पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया और करीब 15 मिनट में तीनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार लोगों में हरियाणा के सोनीपत का रेहान उर्फ सुख्खा, बिहार के बेगूसराय का ऋतिक उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस के मुताबिक, रेहान पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का संदेह है। अब तीनों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

टाइगर के घर और जिम पर नजर रखने का दावा

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, संदिग्धों ने कथित तौर पर करीब 10 दिनों तक टाइगर श्रॉफ के घर और जिम की रेकी की थी। बताया जा रहा है कि वे सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो के जरिए अभिनेता की आवाजाही और उनके आने-जाने की जगहों पर नजर रख रहे थे। जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपी सिग्नल और टेलीग्राम जैसे ऐप के जरिए अपने संपर्कों से बात करते थे और लोकेशन साझा करते थे। पुलिस के मुताबिक, रेहान का संपर्क अनिल पंडित नाम के व्यक्ति से होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन सभी कड़ियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग की योजना किसने बनाई और इसमें अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

 हथियार अभी बरामद नहीं, मुंबई पुलिस करेगी आगे की पूछताछ

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि राजस्थान पुलिस की मदद से आरोपियों को पकड़ लिया गया है। अब कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुंबई पुलिस उन्हें अपने साथ ले जाकर पूछताछ करेगी। फिलहाल, फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद नहीं होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान हथियार, कथित हैंडलर और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश होगी। जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्या इस वारदात के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका थी। मामले में आगे की तस्वीर आरोपियों से पूछताछ और दूसरे सबूतों के सामने आने के बाद साफ हो सकेगी।

Read More-पवन सिंह को आई अक्षरा सिंह की याद! मंच से मांगी माफी, कहा- ‘वह मेरा बाबू…’

Exit mobile version