UPSSSC Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने सीनियर इंस्ट्रक्टर भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के जरिए राजकीय ग्रामीण विकास संस्थान, बख्शी का तालाब, लखनऊ में कुल 132 पद भरे जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 जुलाई 2026 को 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
अलग-अलग विषयों में होगी नियुक्ति
सीनियर इंस्ट्रक्टर के पदों पर विभिन्न विषयों के उम्मीदवारों को मौका दिया गया है। इनमें एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग के सबसे ज्यादा पद हैं। इसके अलावा प्लांट प्रोटेक्शन और हॉर्टिकल्चर में 16-16, एनिमल हसबेंडरी में 14 और एग्रोनॉमी में 12 पद निर्धारित हैं। वूमेन वेलफेयर के 9, कोऑपरेशन, पंचायत और सॉइल साइंस के 8-8, एग्रीकल्चर एक्सटेंशन के 5 और पब्लिक हेल्थ के 3 पद हैं। प्रोडक्शन के 2 और एग्रीकल्चर के 1 पद पर भी भर्ती होगी। शैक्षणिक योग्यता विषय के अनुसार अलग-अलग है। उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में डिग्री या मास्टर डिग्री होनी चाहिए। साथ ही यूपी पीईटी 2025 का स्कोर कार्ड जरूरी है।
वेतन और चयन प्रक्रिया जानिए
चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-6 के तहत 35,400 से 1,12,400 रुपये तक का वेतनमान मिलेगा। आवेदन के दौरान सभी वर्गों के लिए 25 रुपये प्रोसेसिंग फीस निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया में सबसे पहले नॉर्मलाइज्ड यूपी पीईटी 2025 स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग होगी। आयोग प्रत्येक श्रेणी में उपलब्ध पदों की अधिकतम 15 गुना संख्या तक उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए चुनेगा। इसके बाद मुख्य लिखित परीक्षा, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच होगी।
100 अंकों की होगी मुख्य परीक्षा
मुख्य परीक्षा में 100 सवालों का ऑब्जेक्टिव पेपर होगा। परीक्षा के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा और गलत उत्तर पर निर्धारित अंक का एक चौथाई हिस्सा काटा जाएगा। पेपर में संबंधित विषय, ग्रामीण विकास और एनालिटिकल या डेटा इंटरप्रिटेशन से 65 सवाल, कंप्यूटर एवं आईटी से 15 और उत्तर प्रदेश सामान्य जानकारी से 20 सवाल पूछे जाएंगे। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लाइव एडवर्टाइजमेंट में विज्ञापन संख्या 21-Exam/2026 चुनें। PET 2025 की रजिस्ट्रेशन डिटेल से लॉगिन कर फॉर्म भरें, फीस जमा करें और सबमिट की गई कॉपी सुरक्षित रखें।
