Asian Games 2026 में भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम का शानदार प्रदर्शन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रुप स्टेज के मुकाबले में भारत ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 3-0 से हरा दिया। बेस्ट-ऑफ-5 के फॉर्मेट में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान की खिलाड़ी भारतीय टेबल टेनिस स्टार्स के सामने पूरी तरह असहाय नजर आईं। इस एकतरफा जीत के साथ ही भारत ने ग्रुप ‘एफ’ में शीर्ष पर रहते हुए शान से क्वार्टरफाइनल का टिकट कटा लिया है।
सुतीर्था मुखर्जी का तूफानी आगाज
मैच का पहला मुकाबला सुतीर्था मुखर्जी और पाकिस्तान की अलीना खान के बीच खेला गया। सुतीर्था ने पहले ही मिनट से आक्रामक रुख अपनाते हुए महज 10 मिनट के अंदर यह गेम अपने नाम कर लिया। उन्होंने अलीना को 11-3, 11-3, 11-4 से हराकर भारत को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी। सुतीर्था के बेहतरीन शॉट्स और तेज स्पीड का पाकिस्तान की खिलाड़ी के पास कोई जवाब नहीं था।
सिंड्रेला और श्रीजा ने पक्की की जीत
दूसरा मुकाबला खेलने उतरीं सिंड्रेला दास ने भी पाकिस्तान की कालसूम खान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और 11-6, 11-7, 11-5 से सीधे सेटों में मात दी। इसके बाद तीसरे गेम में उभरती हुई स्टार श्रीजा अकुला का सामना फातिमा खान से हुआ। श्रीजा ने भी आक्रामक खेल दिखाते हुए फातिमा को 11-4, 11-4, 11-5 से हरा दिया। भारत ने शुरुआती तीनों मैच जीतकर 3-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया, जिसके चलते बाकी के दो मैचों की जरूरत ही नहीं पड़ी।
अजेय सफर के साथ क्वार्टरफाइनल में प्रवेश
टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम अब तक पूरी तरह से अजेय रही है। भारत ने अपने सफर की शुरुआत इंडोनेशिया को 3-0 से हराकर की थी, जिसके बाद सिंगापुर के खिलाफ एक कड़े मुकाबले में 3-2 से रोमांचक जीत हासिल की। अब पाकिस्तान को क्लीन स्विप कर भारत ने बता दिया है कि वे इस बार पदक की मजबूत दावेदार हैं। पिछले एशियाई खेलों में राउंड ऑफ 16 से बाहर होने वाली भारतीय टीम का लक्ष्य इस बार इतिहास रचना है।
Read More-iPhone 18 की लाइन देखकर सोनू सूद ने कह दी ऐसी बात, पोस्ट पढ़कर लोग बोले- ‘सच कड़वा है’
