नेपाल और यूएई के बीच खेले गए एसीसी पुरुष प्रीमियर कप 2026 के फाइनल में रोमांच के साथ विवाद भी देखने को मिला। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फाइनल में नेपाल ने जीत हासिल की, लेकिन मैच के दौरान हुई इस घटना ने क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
आसिफ शेख और तनिष सूरी के बीच हुई बहस
यह विवाद मैच की दूसरी पारी में सामने आया। यूएई की बल्लेबाजी के दौरान नेपाल के विकेटकीपर आसिफ शेख और यूएई के बल्लेबाज तनिष सूरी के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। इसी दौरान नेपाल का एक अन्य खिलाड़ी भी क्रीज के पास पहुंच गया। बातचीत धीरे-धीरे तेज बहस में बदल गई और दोनों पक्षों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को धक्का देना शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख गेंदबाजी छोर पर मौजूद संदीप लामिछाने भी तुरंत वहां पहुंच गए।
What’s gone on here? Tanish Suri is one of the most mild mannered kids there is. Never seen him get remotely this riled pic.twitter.com/CgTM5jQrYT
— Paul Radley (@PaulRadley) September 12, 2026
अंपायर ने कराया मामला शांत, फिर लगे गले
कुछ ही पल में मैदान का माहौल तनावपूर्ण हो गया और स्थिति हाथापाई जैसी बन गई। दोनों टीमों के अन्य खिलाड़ी भी वहां पहुंच गए। अंपायरों ने बीच में आकर खिलाड़ियों को अलग किया और मामला शांत कराने की कोशिश की। कुछ देर बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी अपनी-अपनी जगह लौट गए। खास बात यह रही कि विवाद खत्म होने के बाद संदीप लामिछाने ने यूएई के खिलाड़ी को गले लगाया। इसके बाद खेल फिर से शुरू हो गया। यह घटना पारी के छठे ओवर से पहले की बताई जा रही है।
नेपाल ने 44 रन से जीता फाइनल
विवाद के बाद मुकाबला आगे बढ़ा और नेपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूएई को 44 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 313 रन बनाए। आसिफ शेख ने 106 गेंदों में 102 रन की शतकीय पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। गुलशन झा ने भी 38 गेंदों पर 52 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम 49.1 ओवर में 269 रन पर ऑलआउट हो गई। राहुल चोपड़ा ने 105 गेंदों पर 100 रन बनाए, लेकिन उनकी शतकीय पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। नेपाल की ओर से करण केसी ने 3 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई।
Read More-यश की ‘टॉक्सिक’ को लगा बड़ा झटका! सिर्फ 7 दिन में थिएटर से गायब हुआ फिल्म का ये वर्जन
