Toxic: साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ रिलीज के बाद से लगातार चर्चा में है। फिल्म को दर्शकों की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली और बॉक्स ऑफिस पर भी इसकी रफ्तार उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। इसी बीच फिल्म के इंग्लिश वर्जन को लेकर ऐसी खबर सामने आई है, जिसने मेकर्स और यश के फैंस का ध्यान खींच लिया है। 4 सितंबर को भारत में रिलीज किया गया ‘टॉक्सिक’ का इंग्लिश वर्जन कथित तौर पर सिर्फ एक हफ्ते बाद ही सिनेमाघरों से हटा दिया गया। खास बात यह है कि इस वर्जन ने पूरे पहले सप्ताह में महज 3.16 लाख रुपये की कमाई की।
पहले दिन से ही कमजोर रही कमाई
रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लिश वर्जन को रिलीज के दिन मुंबई, बेंगलुरु, गुरुग्राम और नोएडा जैसे शहरों में कुल 11 शो मिले थे। इन शोज से पहले दिन करीब 1.38 लाख रुपये की कमाई हुई। इसके बाद शनिवार को कलेक्शन 78,774 रुपये और रविवार को 70,460 रुपये रहा। यानी वीकेंड में भी कमाई में ऐसा उछाल नहीं आया, जिसकी उम्मीद की जा रही थी। इसके बाद सोमवार से फिल्म की कमाई तेजी से नीचे चली गई। सोमवार को सिर्फ 15,034 रुपये मिले, जबकि मंगलवार को आंकड़ा घटकर 3,125 रुपये रह गया। बुधवार को 5,699 रुपये और गुरुवार को 4,655 रुपये की कमाई हुई। इस तरह सात दिनों में कुल कलेक्शन केवल 3.16 लाख रुपये तक पहुंच सका।
कन्नड़ वर्जन से अलग है इंग्लिश कट
‘टॉक्सिक’ को कन्नड़ और इंग्लिश दोनों भाषाओं में शूट किया गया है। हालांकि, इंग्लिश वर्जन की लंबाई कन्नड़ वर्जन से करीब 17 मिनट कम बताई गई है। फिल्म को हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में भी डब किया गया है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक साइकोलॉजिकल गैंगस्टर एक्शन थ्रिलर है। इसमें यश के अलावा कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आती हैं। फिल्म में यश डबल रोल में दिखाई देते हैं। वह फिल्म के को-प्रोड्यूसर भी हैं, जबकि कहानी गीतू मोहनदास और यश ने मिलकर लिखी है।
फिल्म की कुल कमाई भी अब धीमी
इंग्लिश वर्जन की कमजोर कमाई ऐसे समय सामने आई है, जब फिल्म की कुल बॉक्स ऑफिस रफ्तार भी धीमी पड़ती नजर आ रही है। उपलब्ध शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, भारत में ‘टॉक्सिक’ का कुल कलेक्शन करीब 248.50 करोड़ रुपये और दुनियाभर में लगभग 340.10 करोड़ रुपये बताया गया है। हालांकि, रोजाना की कमाई अब काफी कम हो गई है। इंग्लिश वर्जन को थिएटर से हटाए जाने के मामले में अभी तक मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि कम दर्शक मिलने की वजह से शो बंद किए गए या इसके पीछे कोई अन्य रणनीतिक कारण है। फिलहाल, इंग्लिश वर्जन का महज एक सप्ताह में सिनेमाघरों से हटना फिल्म के लिए बड़ा झटका जरूर माना जा रहा है।
Read More-बैंक में घुसते ही किया ऐसा काम, कर्मचारी देखते रह गए… फिर लाखों लेकर फरार हुआ लुटेरा
