गुजरात के लिमड़ी में एक युवक की एक विदेशी पर्यटक से हुई सामान्य मुलाकात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। चिंतन मातिया नाम के युवक ने जब ई-रिक्शा में सफर कर रहे इस विदेशी से बातचीत की, तो उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह कोई आम पर्यटक नहीं बल्कि नॉर्वे के पोरसांगर नगरपालिका के मेयर जो इंगे हेसजेविक हैं। बाद में चिंतन ने इंटरनेट पर उनके बारे में जानकारी खोजी, जिसके बाद उनकी असली पहचान सामने आई।
Google पर सर्च किया तो पता चला कौन हैं ये विदेशी
चिंतन ने इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में वह विदेशी व्यक्ति से बातचीत करते और उसके साथ खड़े नजर आ रहे हैं। चिंतन के मुताबिक, उन्होंने इंटरनेट पर मेयर की प्रोफाइल देखने के बाद जाना कि वह नॉर्वे के राजनीतिज्ञ हैं। उन्होंने उनके सहज व्यवहार की तारीफ करते हुए बताया कि इतनी बड़ी जिम्मेदारी संभालने वाला व्यक्ति भारत में आम लोगों की तरह ई-रिक्शा से सफर कर रहा था। मेयर भी इस दौरान काफी सहज नजर आए।
37 ऑटो और 61 विदेशी, भारत घूमने निकला है पूरा ग्रुप
दरअसल, नॉर्वे के मेयर जिस ई-रिक्शा में सफर कर रहे थे, वह एक एडवेंचर ट्रिप का हिस्सा है। ‘रिक्शा रन इंडिया’ नाम के इस आयोजन में अलग-अलग देशों से आए 61 विदेशी प्रतिभागी करीब 37 ऑटो रिक्शा के जरिए भारत की लंबी यात्रा कर रहे हैं। इस सफर में विदेशी पर्यटक देश के शहरों, गांवों और अलग-अलग रास्तों को करीब से देखने का अनुभव ले रहे हैं। इसी दौरान पोरसांगर नगरपालिका के मेयर भी भारतीय सड़कों पर ई-रिक्शा चलाकर यात्रा का आनंद ले रहे हैं।
वीडियो वायरल हुआ तो लोगों ने जमकर की तारीफ
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स को यह मुलाकात काफी पसंद आ रही है। लोगों का कहना है कि भारत घूमने आए विदेशी पर्यटकों का आम परिवहन और स्थानीय जीवन को करीब से देखना दिलचस्प है। खास तौर पर नॉर्वे जैसे देश के एक मेयर का बिना किसी खास तामझाम के ई-रिक्शा से सफर करना लोगों का ध्यान खींच रहा है। वीडियो में उनका शांत और सहज अंदाज भी यूजर्स को पसंद आ रहा है।
Read More-माइनस 5 डिग्री में लहंगा पहनकर बर्फ पर उतरी भारतीय महिला, वीडियो देखकर यूजर्स भी रह गए हैरान