Varanasi News: वाराणसी के मंडुआडीह इलाके में चोरी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस से लेकर शोरूम कर्मचारी तक हैरान हैं। एक चोर रात के समय KTM के शोरूम में घुसा और करीब साढ़े चार घंटे तक अंदर आराम से रहा। इस दौरान उसने कॉफी पी, पानी पिया, वॉशरूम में नहाया और कंप्यूटर पर गाने चलाकर डांस भी किया। इसके बाद वह शोरूम से करीब 4.71 लाख रुपये कीमत की KTM Adventure 390 S बाइक लेकर फरार हो गया। चोर की यह पूरी हरकत CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
कटर से शीशा काटकर शोरूम में हुआ दाखिल
शोरूम के जनरल मैनेजर रोहित कुमार सिंह के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे कर्मचारी शोरूम बंद करके घर चले गए थे। अंदर मैनेजर की करीब तीन महीने पुरानी KTM बाइक चाबी के साथ खड़ी थी। रात करीब 11:30 बजे एक युवक शोरूम के बाहर पहुंचा। उसके हाथ में देवी माता की तस्वीर थी और उसने सफेद शर्ट व जींस पहन रखी थी। बारिश होने पर उसने बाहर लगा बैनर फाड़कर खुद को ढका और कटर की मदद से शीशे का दरवाजा काटना शुरू कर दिया। करीब 36 मिनट की कोशिश के बाद वह रात 12:06 बजे शोरूम के अंदर घुस गया।
अंदर पहुंचते ही शुरू हुई चोर की ‘मस्ती’
शोरूम में दाखिल होने के बाद युवक ने चोरी करने की जल्दबाजी नहीं दिखाई। वह रिसेप्शन पर पहुंचा और कंप्यूटर ऑन करके कुर्सी पर बैठ गया। इसके बाद उसने फ्रिज से पानी निकाला और मशीन से कॉफी बनाकर पी। कुछ देर बाद वह शोरूम के वॉशरूम में गया और वहां नहा लिया। नहाने के बाद उसने अपने गीले कपड़े बाइक पर सुखाए। इसके बाद उसने एक नई बाइक का कवर फाड़कर उसे लुंगी की तरह पहन लिया। कंप्यूटर पर गाने चलाकर वह काफी देर तक डांस करता रहा। उसकी ये हरकतें CCTV में कैद हो गईं।
टी-शर्ट और कैप पहनी, फिर KTM लेकर निकला
काफी समय शोरूम के अंदर बिताने के बाद चोर ने वहां रखी ब्रांडेड टी-शर्ट और कैप पहन ली। उसने एक नया बाइक कवर भी अपने साथ लिया। इसके बाद करीब सुबह 4 बजे उसने मैनेजर की KTM Adventure 390 S बाइक उठाई और शोरूम से बाहर निकल गया। बताया जा रहा है कि बाइक की कीमत करीब 4.71 लाख रुपये है। सुबह सिक्योरिटी गार्ड ने शोरूम के शीशे को टूटा देखा तो मामले की जानकारी मैनेजर को दी गई। इसके बाद चोरी का पता चला।
CCTV और फिंगरप्रिंट से आरोपी की तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंडुआडीह पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शोरूम के अंदर से जरूरी सबूत जुटाए और CCTV फुटेज की जांच शुरू की। फुटेज में आरोपी की गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं। पुलिस अब CCTV और फिंगरप्रिंट समेत अन्य सबूतों की मदद से उसकी पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़ने और चोरी की गई बाइक बरामद करने की कोशिश की जा रही है।
Read More-सुखबीर बादल पर हमले के पीछे कौन? CM फडणवीस ने दे दिया ये बड़ा आदेश
