अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में हुए बदलाव के बाद बाबरी मस्जिद मामले के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने ट्रस्ट में नियुक्त किए गए नए सदस्यों और सीईओ को बधाई दी। अंसारी ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और मंदिर की व्यवस्था संभालने के लिए अनुभवी लोगों को जिम्मेदारी मिलना अच्छी बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मंदिर से जुड़े कामों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाएगी।
रिटायर्ड एयर मार्शल को CEO बनाए जाने पर क्या बोले?
2 सितंबर को हुई ट्रस्ट की अहम बैठक में भारतीय वायुसेना के रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO नियुक्त किया गया। वहीं स्वामी गोविंददेव गिरि को महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा महेश भागचंदका, मदन मोहन पांडे और डॉ. निर्मला यादव को ट्रस्ट में नए सदस्य के तौर पर शामिल किया गया। जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति पर इकबाल अंसारी ने इसे सराहनीय फैसला बताया। उन्होंने कहा कि सैन्य सेवा से जुड़े लोगों पर देश का भरोसा रहा है और उनके अनुभव का फायदा मंदिर की व्यवस्था में मिल सकता है।
‘जो लोग नए आए हैं, वह काबिल-ए-तारीफ हैं’
इकबाल अंसारी ने नए सदस्यों को लेकर कहा कि जो लोग ट्रस्ट में आए हैं, वे काबिल-ए-तारीफ हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति भी आभार जताया। अंसारी ने कहा कि उनकी शुभकामना है कि ट्रस्ट के सभी लोग राम मंदिर के काम को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाएं। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। उनके मुताबिक ट्रस्ट में ऐसे अनुभवी लोगों की जरूरत है, जिन्हें प्रशासन और बड़ी जिम्मेदारियां संभालने का अनुभव हो।
चढ़ावे से जुड़े विवाद के बाद व्यवस्था में बदलाव
ट्रस्ट की बैठक में मंदिर के चढ़ावे और कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। बैठक में एसआईटी जांच की प्रगति और सुप्रीम कोर्ट के आदेश सहित कई मुद्दों पर विचार किया गया। नकद चढ़ावे की गिनती में मानवीय दखल कम करने के लिए तकनीक के इस्तेमाल पर भी चर्चा हुई। वित्त वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखों से जुड़े विषयों पर भी निर्णय लिए गए। ट्रस्ट के अनुसार, जितेंद्र मिश्रा ने भारतीय वायुसेना में करीब 39 साल तक अलग-अलग महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। अब उनके अनुभव के साथ ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।
Read More-‘वीडियो बना लो, अखिलेश को भेज देना’… वायरल वीडियो वाले DSP अशोक सिंह कौन हैं?
