Home UP बस्ती में दरोगा की मौत के पीछे क्या था राज? इस गैंग...

बस्ती में दरोगा की मौत के पीछे क्या था राज? इस गैंग का हुआ खुलासा, महिला समेत 3 गिरफ्तार

बस्ती में पूर्व थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश सिंह की आत्महत्या मामले में पुलिस ने हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग गिरोह का खुलासा किया है। महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं।

Basti News

Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती में पूर्व थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में एक कथित हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग गिरोह का पता चला है। पुलिस ने गिरोह की मुख्य आरोपी प्रियंका चौधरी, उसके पिता रामनयन चौधरी और कथित कानूनी सलाहकार विजय प्रकाश यादव को गिरफ्तार किया है। तीनों को सदर अस्पताल चौराहे के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने इनके पास से एक बोलेरो और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

रसूखदार लोगों को बनाते थे निशाना

पुलिस जांच के अनुसार प्रियंका चौधरी लंबे समय से अलग रह रही थी और मुंबई में ब्यूटी पार्लर व स्पा सेंटर में काम कर चुकी है। आरोप है कि वह संपन्न और प्रभावशाली लोगों से संपर्क बनाकर उन्हें अपने जाल में फंसाती थी। इसके बाद कथित तौर पर वीडियो कॉल और भावनात्मक दबाव के जरिए ब्लैकमेल किया जाता था। पुलिस के मुताबिक उसके पिता और वकील विजय प्रकाश यादव भी इस पूरे खेल में उसका साथ देते थे और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर पैसे वसूलने की योजना बनाई जाती थी।

कई लोगों से लाखों रुपये वसूलने का आरोप

जांच में पुलिस को गिरोह की ओर से कई लोगों को कथित तौर पर ब्लैकमेल किए जाने के सबूत मिले हैं। पुलिस के अनुसार डॉक्टर उमेश से करीब 4 लाख रुपये, ड्राइवर अहमद रजा से 5 लाख रुपये और मध्य प्रदेश के व्यापारी आर्यन दीक्षित से 15 लाख रुपये लेने की बात सामने आई है। पुलिस अब ऐसे अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, जो इस गिरोह के कथित शिकार बने।

29 अगस्त को आया था आखिरी कॉल

पुलिस के मुताबिक सूर्य प्रकाश सिंह भी इस गिरोह के निशाने पर थे। कॉल डिटेल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन 29 अगस्त को आरोपी विजय प्रकाश ने दोपहर 1:41 बजे सूर्य प्रकाश को फोन किया था। इसके बाद सूर्य प्रकाश ने सरकारी आवास में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के बेटे की शिकायत पर 5 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर सूर्य प्रकाश ने यह कदम उठाया। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस को कुछ और लोगों के नाम सामने आने की उम्मीद है।

Read More-लखनऊ के दो सितारों का अंडमान कनेक्शन, एक ने संभाली कमान तो दूसरे के नाम पर है द्वीप

 

Exit mobile version