Home देश हरदोई के स्कूल में आखिर उस दिन क्या हुआ था? 8वीं की...

हरदोई के स्कूल में आखिर उस दिन क्या हुआ था? 8वीं की छात्रा की मौत के बाद मचा बवाल, अब दो टीचर सस्पेंड

हरदोई के संविलियन विद्यालय साहुआपुर में 13 वर्षीय छात्रा क्षमा दीक्षित की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर शिक्षक और सहपाठी के खिलाफ केस दर्ज हुआ है, जबकि BSA ने दो शिक्षकों को निलंबित किया है।

हरदोई

हरदोई के भरखनी विकासखंड स्थित संविलियन विद्यालय साहुआपुर में कक्षा आठ की 13 वर्षीय छात्रा क्षमा दीक्षित की मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। पुलिस ने छात्रा के पिता उमेश दीक्षित की शिकायत और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार और एक सहपाठी छात्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को क्षमा परीक्षा देने स्कूल गई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका एक सहपाठी छात्रा से विवाद हुआ था। इसके बाद क्षमा ने मामले की शिकायत स्कूल के सहायक अध्यापक से की थी।

शिकायत करने के बाद मारपीट का आरोप

परिजनों का आरोप है कि सहपाठी से शिकायत करने के बाद शिक्षक राजेंद्र कुमार गंगवार ने क्षमा के साथ मारपीट की। परिवार के मुताबिक, मारपीट में उसके हाथ में चोट आई थी और फ्रैक्चर भी हुआ था। इस मामले को लेकर छात्रा के पिता ने 23 अगस्त को पुलिस से शिकायत की थी। इसके अगले दिन 24 अगस्त को परिजन छात्रा को इलाज के लिए फर्रुखाबाद लेकर गए। यहां उसकी हालत को देखते हुए उपचार कराया जा रहा था, लेकिन 30 अगस्त को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया और मामला पुलिस तक पहुंचा।

मौत से पहले का वीडियो भी सामने आया

मामले में छात्रा का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कथित तौर पर अपने साथ हुई मारपीट के बारे में बता रही है। हालांकि, वीडियो में कही गई बातों और छात्रा की मौत के बीच सीधे संबंध की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम के मुताबिक, मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। मेडिकल दस्तावेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया गया है।

BSA ने दो शिक्षकों को किया निलंबित

छात्रा की मौत के बाद शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्रा ने स्कूल के इंचार्ज शिक्षक अक्षत और सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार को निलंबित कर दिया है। विभागीय स्तर पर भी पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्कूल में छात्रा के साथ वास्तव में क्या हुआ था और उसकी चोटों का मौत से क्या संबंध है। फिलहाल शिक्षक और सहपाठी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है, जबकि मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी तस्वीर पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद स्पष्ट होगी।

Read more-कीव में रातभर बरसे रूसी मिसाइल-ड्रोन, हमले में भारतीय समेत 12 की मौत, जेलेंस्की ने किया बड़ा दावा

Exit mobile version