छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नोएडा के रहने वाले डॉक्टर ऋषभ चौबे ने आरोप लगाया है कि ‘चावल वाले बाबा’ के नाम से मशहूर एक कथित तांत्रिक ने उनसे करीब 40 लाख रुपये ठग लिए। डॉक्टर का कहना है कि उनके छोटे भाई की साल 2024 में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। भाई की मौत का कारण जानने की कोशिश में वह रायपुर आए, जहां किसी परिचित ने उन्हें बाबा नरेंद्र नयन शास्त्री से मिलवाया। यहीं से ठगी का सिलसिला शुरू हुआ।
बेटों पर प्रेत बाधा का डर दिखाकर ऐंठे लाखों रुपये
डॉक्टर का आरोप है कि बाबा ने पहले भरोसा जीतने की कोशिश की और फिर कहा कि उनके परिवार पर प्रेत बाधा का साया है। उसने दावा किया कि अगर समय रहते विशेष पूजा और तांत्रिक अनुष्ठान नहीं कराए गए, तो उनके बेटों पर बड़ा संकट आ सकता है। परिवार की चिंता में डॉक्टर बाबा की बातों पर विश्वास कर बैठे। इसके बाद बाबा ने अलग-अलग बहानों से उनसे लगातार पैसे लेने शुरू कर दिए। कभी पूजा-पाठ, कभी तंत्र-मंत्र और कभी विशेष अनुष्ठान के नाम पर लाखों रुपये वसूले गए।
कार, यात्रा और पूजा के नाम पर 40 लाख की ठगी
शिकायत के अनुसार, मई 2025 में कथित बाबा ने लग्जरी कार खरीदने के लिए डॉक्टर से अपने बैंक खाते में 20 लाख रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके अलावा करीब 10 लाख रुपये नकद पूजा और तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर लिए गए। वहीं, बाबा की यात्रा, एयर टिकट और अन्य खर्चों के नाम पर भी करीब 10 लाख रुपये खर्च कराए गए। इस तरह डॉक्टर से कुल करीब 40 लाख रुपये ले लिए गए। काफी समय बाद जब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है, तब उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जेल में बंद है आरोपी बाबा
डॉक्टर की शिकायत पर रायपुर के खम्हारडीह थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री पहले से ही एक अन्य गंभीर मामले में महासमुंद जेल में बंद है। अब पुलिस कोर्ट से अनुमति लेकर उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इस कथित बाबा ने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है। पुलिस ठगी गई रकम की जानकारी जुटाने के साथ-साथ मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
Read More-PM मोदी ने इंडोनेशिया की संसद से दिया बड़ा संदेश, बिना नाम लिए चीन पर साधा निशाना?
