Home देश UGC पर राजा भैया को मिला बृजभूषण का साथ, 2027 चुनाव को...

UGC पर राजा भैया को मिला बृजभूषण का साथ, 2027 चुनाव को लेकर भी किया बड़ा खुलासा

उन्नाव में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने UGC को लेकर राजा भैया के बयान का समर्थन किया। इसके साथ ही 2027 विधानसभा चुनाव, ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन और अपनी राजनीतिक भूमिका पर भी खुलकर बात की।

UGC

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का एक बयान चर्चा में आ गया है। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के रिसाल खेड़ा स्थित आरआर रिसॉर्ट के उद्घाटन समारोह में पहुंचे बृजभूषण ने UGC को लेकर राजा भैया की टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया दी। पत्रकारों ने जब उनसे इस मुद्दे पर सवाल किया तो उन्होंने राजा भैया के विचारों का समर्थन किया। बृजभूषण ने कहा कि जिस संदर्भ में UGC की बात की गई है, वह न कभी अस्तित्व में था, न वर्तमान में है और न ही भविष्य में होगा। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

‘पूर्व सांसद’ कहलाना लगता है बुरा, पत्रकारों से कही ये बात

कार्यक्रम में निजी हेलीकॉप्टर से पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपने संबोधन को लेकर भी दिलचस्प बात कही। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्व सांसद कहकर संबोधित न किया जाए, क्योंकि यह शब्द सुनना उन्हें काफी कष्टदायक लगता है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें किसी सांसद का पति या सांसद का पिता कहकर बुलाया जा सकता है। उनके इस बयान को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई। बता दें कि उनके परिवार के सदस्य सक्रिय राजनीति में हैं और इसी संदर्भ में उन्होंने यह टिप्पणी की।

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर क्या बोले बृजभूषण?

बातचीत के दौरान जब उनसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित तीसरे गठबंधन को लेकर बृजभूषण ने कहा कि इसमें शामिल दलों की विचारधाराएं एक-दूसरे से मेल नहीं खाती हैं। ऐसे में इस गठबंधन का लंबे समय तक टिक पाना मुश्किल है। वहीं, पूर्वांचल के चुनावी समीकरणों पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें वहां की राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी है, लेकिन फिलहाल वह इस बारे में कुछ बताना नहीं चाहते। अखिलेश यादव को लेकर पूछे गए सवाल पर भी उन्होंने कोई स्पष्ट राजनीतिक टिप्पणी नहीं की।

2027 के चुनाव में दिखेगी बृजभूषण की सक्रियता?

आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी भूमिका को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने साफ संकेत दिए कि वह चुनाव के दौरान सक्रिय नजर आएंगे। हालांकि, उन्होंने अपनी भूमिका और चुनावी रणनीति को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की। उनके इस बयान से यह साफ है कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी राजनीतिक सक्रियता बनी रहेगी। उन्नाव के एक निजी कार्यक्रम में दिया गया उनका बयान अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। खासतौर पर UGC पर राजा भैया का समर्थन और संभावित गठबंधन पर उनकी टिप्पणी को लेकर अलग-अलग तरह के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

Read more-‘शायद मैं जिंदा वापस न आऊं…’: कालकोठरी में बंद इमरान खान का वह खत, जिसने हिला दी पाकिस्तान की राजनीति!

Exit mobile version