Home देश मुंबई में गली क्रिकेट खेलने उतरे ब्रिटेन के प्रिंस विलियम्स, छोटी बच्ची...

मुंबई में गली क्रिकेट खेलने उतरे ब्रिटेन के प्रिंस विलियम्स, छोटी बच्ची ने ऐसा चौंकाया कि देखते रह गए सचिन

मुंबई में भारत दौरे पर आए प्रिंस विलियम्स और केट मिडलटन ने सचिन तेंदुलकर के साथ गली क्रिकेट खेला। इस दौरान एक छोटी बच्ची ने प्रिंस को क्लीन बोल्ड कर दिया, जिसका वीडियो चर्चा में है।

ब्रिटेन के प्रिंस विलियम्स

ब्रिटेन के प्रिंस विलियम्स और उनकी पत्नी केट मिडलटन इन दिनों तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं। मुंबई पहुंचने के बाद शाही जोड़े ने ऐसा अंदाज दिखाया, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। दोनों ने महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के साथ गली क्रिकेट का आनंद लिया। यह खास कार्यक्रम मुंबई के बलार्ड एस्टेट में आयोजित किया गया था, जहां स्कूल के बच्चों ने भी हिस्सा लिया। खेल शुरू होने से पहले सचिन प्रिंस विलियम्स को क्रिकेट से जुड़ी कुछ बातें समझाते नजर आए। इसके बाद मैदान पर दोस्ताना मुकाबला शुरू हुआ और वहां मौजूद लोगों ने इस खास पल का खूब आनंद लिया।

 छोटी बच्ची ने चौथी गेंद पर कर दिया क्लीन बोल्ड

इस क्रिकेट मुकाबले का सबसे दिलचस्प पल तब आया, जब एक स्कूल की छोटी छात्रा गेंदबाजी करने पहुंची। दूसरी ओर प्रिंस विलियम्स हाथ में बल्ला लेकर बड़े शॉट लगाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन बच्ची की गेंदबाजी के सामने उनकी एक नहीं चली। छात्रा ने चौथी गेंद पर प्रिंस को क्लीन बोल्ड कर दिया। यह देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। इस मजेदार घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। वहीं, केट मिडलटन ने भी बल्लेबाजी का आनंद लिया, जबकि सचिन तेंदुलकर गेंदबाजी करते दिखाई दिए।

चाय की टपरी पर भी रुका शाही जोड़ा

मुंबई दौरे के दौरान प्रिंस विलियम्स और केट मिडलटन ने स्थानीय माहौल का भी अनुभव किया। दोनों एक चाय की टपरी पर पहुंचे, जहां उन्हें मिट्टी के कुल्हड़ में चाय परोसी गई। शाही जोड़े का यह देसी अंदाज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना। इस दौरान प्रिंस ने सफेद शर्ट के साथ नेहरू स्टाइल जैकेट पहनी थी, जबकि केट हल्के हरे रंग के ब्लेजर और पैंट में नजर आईं। सचिन तेंदुलकर ने नेवी ब्लू शर्ट और डेनिम पहन रखी थी।

 दूसरी बार भारत दौरे पर आए विलियम्स और केट

प्रिंस विलियम्स और केट मिडलटन का यह दूसरा भारत दौरा है। इससे पहले दोनों साल 2016 में भारत और भूटान आए थे। उस यात्रा के दौरान भी उनकी मुलाकात सचिन तेंदुलकर से हुई थी और ओवल मैदान पर दोस्ताना क्रिकेट मैच खेला गया था। इस बार के भारत दौरे में उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी प्रस्तावित है। मुंबई में बच्चों के साथ गली क्रिकेट खेलने का यह कार्यक्रम उनके दौरे का खास आकर्षण बन गया है।

Read More-यूपी में अखिलेश से कितनी सीटें मांगेगी कांग्रेस? 181 सीटों की लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल

Exit mobile version