ओडिशा के पुरी रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बच गया। तालचर से पुरी जा रही MEMU पैसेंजर ट्रेन स्टेशन से करीब 500 मीटर पहले पटरी से उतर गई। हादसा प्लेटफॉर्म नंबर 3 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि जिस समय ट्रेन पटरी से उतरी, उसकी रफ्तार कम थी। इसी वजह से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। अब तक किसी यात्री के घायल होने की खबर भी सामने नहीं आई है। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हलचल मच गई और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
पटरी से ट्रेन उतरते ही मौके पर पहुंची रेलवे और RPF टीम
हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे के कर्मचारी और RPF की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए पटरी से उतरे ट्रेन के हिस्से को हटाने का काम शुरू कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई, लेकिन रेलवे के मुताबिक दूसरी ट्रेनों के संचालन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। मौके पर सुरक्षा बल भी तैनात रहे। फिलहाल रेलवे की टीम हादसे की वजह का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती तौर पर ट्रेन की कम रफ्तार की वजह से बड़ा नुकसान टलने की बात सामने आई है।
Read More-सांसद अनिल बलूनी की गाड़ी पर गिरा भारी बोल्डर, ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर बाल-बाल बचे
