Home देश चीन सीमा पर मचे हलचल के बीच बड़ी बैठक, पहली बार इस...

चीन सीमा पर मचे हलचल के बीच बड़ी बैठक, पहली बार इस सेक्टर में आमने-सामने होंगे कमांडर

अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीन के कोर कमांडर रविवार को पहली बड़ी BPM बैठक करेंगे। वाचा-डमई में होने वाली बैठक में LAC और सीमा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा संभव है।

चीन सीमा

भारत और चीन के बीच सीमा पर तनाव के बीच अरुणाचल प्रदेश में रविवार, 6 सितंबर को एक अहम सैन्य बैठक होने जा रही है। यह बैठक किबिथू के पास वाचा-डमई बॉर्डर पर्सनल मीटिंग (BPM) पॉइंट पर आयोजित होगी। सूत्रों के मुताबिक, पूर्वी सेक्टर में भारत और चीन के कोर कमांडर स्तर के अधिकारियों के बीच यह पहली बड़ी बैठक होगी। माना जा रहा है कि बातचीत का मुख्य उद्देश्य इलाके में चल रहे सीमा संबंधी मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझाना और तनाव कम करना है।

अपर सुबानसरी इलाके पर रहेगी नजर

सूत्रों के अनुसार, पिछले करीब एक महीने से अपर सुबानसरी क्षेत्र में दोनों देशों की सेनाओं के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारतीय पक्ष की ओर से वाचा बॉर्डर मीटिंग पॉइंट पर बैठक की मेजबानी की जाएगी। हालांकि, इस मामले पर भारतीय सेना की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बैठक में सीमा पर मौजूदा स्थिति और सैनिकों से जुड़े स्थानीय मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

LAC पर भारत की सख्त तैयारी

अरुणाचल प्रदेश में चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) की निगरानी भारतीय सेना की दो प्रमुख कोर फॉर्मेशन करती हैं। इनमें तेजपुर स्थित 4 कोर और रंगापहार स्थित 3 कोर शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, इलाके में चीनी सैनिकों की गतिविधियों को देखते हुए भारतीय सेना ने अपनी स्थिति को लेकर सख्त रुख अपनाया है। भारत और चीन के बीच LAC को लेकर कई क्षेत्रों में अलग-अलग दावे और धारणाएं रही हैं, जिसके कारण समय-समय पर आमने-सामने की स्थिति बनती रही है।

गलवान के बाद बातचीत का सिलसिला

2020 की गलवान घाटी की हिंसक झड़प के बाद भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर सैन्य स्तर पर बातचीत लगातार होती रही है। लद्दाख में चुशुल-मोल्डो BPM पॉइंट पर कोर कमांडर स्तर की बैठकों के जरिए कई मुद्दों पर बातचीत की जाती रही है। अरुणाचल में होने वाली यह बैठक भी उसी संवाद प्रक्रिया का हिस्सा मानी जा रही है। यह बैठक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की चीन यात्रा के बाद हो रही है। इसके अलावा सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ के हालिया 3 कोर मुख्यालय दौरे को भी इस घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।

Read More-होर्मुज में अचानक मचा हड़कंप, अमेरिकी ड्रोन बोट पर हमला… IRGC ने बताई वजह

Exit mobile version