राजस्थान में होने वाले शहरी निकाय चुनावों के बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस प्रत्याशी मैना सोनी प्रचार के दौरान बीजेपी की महिला प्रत्याशी के घर पहुंच गईं। दोनों उम्मीदवार चुनावी मैदान में एक-दूसरे की प्रतिद्वंद्वी हैं, लेकिन मुलाकात के दौरान ऐसा कोई तनाव नजर नहीं आया। इसके बजाय दोनों ने बेहद आत्मीय अंदाज में एक-दूसरे का स्वागत किया। यही वजह है कि यह वीडियो राजनीतिक बयानबाजी से अलग एक सकारात्मक संदेश देता नजर आ रहा है।
तिलक लगाया, गले मिलीं और दी शुभकामनाएं
वीडियो में किए जा रहे दावे के मुताबिक, बीजेपी प्रत्याशी ने कांग्रेस उम्मीदवार का अपने घर पर गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों ने एक-दूसरे से मुलाकात की, तिलक लगाया और गले मिलकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनके बीच अपनापन साफ दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स को दोनों महिला प्रत्याशियों का यह व्यवहार काफी पसंद आ रहा है। लोग वीडियो को शेयर करते हुए कह रहे हैं कि चुनाव में राजनीतिक मुकाबला अपनी जगह है, लेकिन व्यक्तिगत रिश्तों और सम्मान को बनाए रखना भी जरूरी है।
राजस्थान में निकाय चुनाव होने हैं….मेड़ता की कांग्रेस प्रत्याशी मैना सोनी अचानक बीजेपी प्रत्याशी के घर वोट मांगने पहुंच गई और उसके बाद जो नजारा देखने को मिला उसने दिल जीत लिया…. pic.twitter.com/03WTm4fpV1
— आजाद भारत का आजाद नागरिक (@AnathNagrik) September 5, 2026
9 और 11 सितंबर को होगा राजस्थान निकाय चुनाव
राजस्थान में शहरी निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर 2026 और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर 2026 को होगा। इन चुनावों में कुल 309 नगरीय निकायों के 10,245 वार्डों में चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगर पालिकाएं शामिल हैं। नाम वापसी के बाद कई वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध भी चुने जा चुके हैं। ऐसे में चुनावी मुकाबले के बीच कांग्रेस और बीजेपी प्रत्याशियों की यह मुलाकात लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
