Home देश पाकिस्तान की जेल में बंद इमरान खान के समर्थन में फिर उतरे...

पाकिस्तान की जेल में बंद इमरान खान के समर्थन में फिर उतरे कपिल देव, बोले- ‘जिस दोस्त के साथ खेला, उसका…’

कपिल देव ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने मानवीय आधार पर इमरान को बेहतर इलाज और बुनियादी सुविधाएं देने की मांग की।

इमरान खान

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेटर इमरान खान को लेकर भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने एक बार फिर अपनी बात रखी है। हाल ही में 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार करने की अपील की थी। इस पत्र में कपिल देव भी शामिल थे। अब उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह उस दोस्त के समर्थन में खड़े होना चाहते हैं, जिसके साथ उन्होंने क्रिकेट खेला है। कपिल और इमरान अपने खेल के दिनों में एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरते रहे हैं और दोनों को अपने दौर के बड़े ऑलराउंडरों में गिना जाता है।

पाकिस्तानी खिलाड़ियों की मजबूरी भी समझते हैं कपिल

कपिल देव ने इमरान के समर्थन में बोलने के साथ पाकिस्तान के मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि वह उन खिलाड़ियों को दोष नहीं दे सकते जो इस मुद्दे पर खुलकर कुछ नहीं बोल रहे हैं। कपिल के मुताबिक, उन्हें पाकिस्तान में रहना है और वहां की परिस्थितियों को ध्यान में रखना जरूरी है। हालांकि, उन्होंने इंसानियत के आधार पर इमरान को जरूरी सुविधाएं और बेहतर इलाज मिलने की बात कही। कपिल ने कहा कि इमरान सिर्फ पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री ही नहीं हैं, बल्कि दुनिया के जाने-माने क्रिकेटर भी रहे हैं। इसलिए, एक कैदी होने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं और उचित चिकित्सा मिलनी चाहिए। उनका कहना है कि वह किसी राजनीतिक मामले में दखल देने की बात नहीं कर रहे, बल्कि मानवीय आधार पर अपनी चिंता जाहिर कर रहे हैं।

छह महीने में दूसरी बार उठी इमरान के लिए आवाज

इमरान खान के समर्थन में क्रिकेट जगत की ओर से यह छह महीने के भीतर दूसरी बड़ी अपील बताई जा रही है। इससे पहले फरवरी में 14 पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने इमरान की सेहत को लेकर चिंता जताते हुए पत्र लिखा था। इमरान के परिवार की ओर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर गंभीर दावे भी किए गए थे। परिवार ने उनकी एक आंख की रोशनी चले जाने की बात कही थी और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की थी। इसके साथ ही परिवार के सदस्यों को उनसे मिलने की अनुमति देने की अपील भी की गई थी। अब 21 पूर्व क्रिकेटरों के पत्र और कपिल देव के ताजा बयान के बाद इमरान खान की स्थिति एक बार फिर क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गई है।

Read moreसोना-नकदी छोड़ बदमाश लूट ले गए 330 किलो इंसानी बाल, कीमत जानकर पुलिस भी रह गई हैरान

Exit mobile version