मुंबई के पवई इलाके से एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी भी इंसान का दिल दहल जाए। यहाँ एक कलयुगी पिता ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपने ही सगे 4 साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। बच्चे का कसूर सिर्फ इतना था कि उसे भूख लगी थी और वह रो रहा था। रोने की आवाज से पिता की नींद क्या टूटी, उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और जिसने भी यह खबर सुनी, उसका खून खौल उठा।
भूख से बिलख रहा था मासूम, काल बनकर टूटा सगा पिता
यह खौफनाक वारदात पवई के गौतम नगर इलाके की है। यहाँ राजेश सिंह नाम का व्यक्ति अपने परिवार के साथ रहता था। उसका 4 साल का छोटा बेटा यश, जो शारीरिक रूप से पूरी तरह ठीक नहीं था और मुख्य रूप से पीने के लिए दूध पर ही निर्भर था, शुक्रवार की सुबह भूख के मारे जोर-जोर से रोने लगा। सुबह-सुबह बच्चे के रोने की आवाज से सो रहे राजेश की नींद टूट गई। नींद खराब होने से राजेश इस कदर आगबबूला हो गया कि उसने इंसानियत को ताक पर रख दिया। उसने गुस्से में आकर तड़पते हुए मासूम को उठाया और घर के दरवाजे और दीवार पर जोर-जोर से पटकना शुरू कर दिया।
शराब की लत ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार
स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी राजेश सिंह लंबे समय से बेरोजगार था और उसे शराब पीने की बेहद बुरी लत थी। घर में पैसों की तंगी और राजेश की शराब पीने की आदत से तंग आकर महज 15 दिन पहले ही उसकी पत्नी उसे और बच्चों को छोड़कर अपने मायके चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद घर में राजेश, उसकी मां और उसके दो बच्चे (एक 5 साल का और दूसरा 4 साल का यश) रह रहे थे। मां की गैरमौजूदगी में बच्चे भूखे-प्यासे थे और इसी बीच दूध न मिलने के कारण शुक्रवार को यह दर्दनाक हादसा हो गया। पिता के इस हिंसक हमले के कारण मासूम यश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बुआ ने खोला खौफनाक राज, पुलिस ने ऐसे दबोचा हत्यारा
मासूम की मौत के बाद आरोपी राजेश ने मामले को छुपाने की कोशिश की और पुलिस को गुमराह करने लगा। लेकिन जब राजेश की बहन (बच्चे की बुआ) को इस खौफनाक हरकत का पता चला, तो उसने तुरंत बिना डरे पवई पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेज दिया। शुरुआत में आरोपी पिता पुलिस के सामने अनजान बनता रहा, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Read more-PSG की जीत के बाद पेरिस में क्यों मच गया बवाल? जश्न के बीच आगजनी, तोड़फोड़ और कई लोग हिरासत में
