छठ पूजा और बिहार की विवाहित महिलाओं की सिंदूर परंपरा को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करना स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी को भारी पड़ गया है। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल होने के बाद बिहार में विरोध तेज हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इतना ही नहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी इस मामले में मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के लीगल सेल ने दिल्ली-एनसीआर में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही बिहार के सभी 38 जिलों में एफआईआर कराने की तैयारी की जा रही है।
वायरल वीडियो में ऐसा क्या बोले यश माहेश्वरी?
दरअसल, यश माहेश्वरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें छठ पूजा और इस दौरान महिलाओं की सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर की गई टिप्पणियों पर लोगों ने नाराजगी जताई है। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि कॉमेडी के नाम पर धार्मिक आस्था और महिलाओं के सम्मान को निशाना बनाना गलत है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी। कई सामाजिक संगठनों ने इसे बिहार की सांस्कृतिक पहचान और छठ महापर्व का अपमान बताया है।
चिराग पासवान की पार्टी ने खोला मोर्चा, नेताओं ने भी जताई नाराजगी
विवाद बढ़ने के बाद राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी नेता रितु जायसवाल ने मांग की है कि छठ पूजा पर कथित अश्लील टिप्पणी करने वाले कॉमेडियन के खिलाफ बिहार के हर जिले में मुकदमा दर्ज होना चाहिए। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने भी इस टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने बिहार और दिल्ली पुलिस से मामले का संज्ञान लेकर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि अभिव्यक्ति की आजादी के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी है और किसी की धार्मिक भावनाओं तथा महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कौन हैं यश माहेश्वरी, जिनकी टिप्पणी पर मचा बवाल?
यश माहेश्वरी मूल रूप से राजस्थान के जयपुर के रहने वाले स्टैंडअप कॉमेडियन और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर हैं। वह दिल्ली-एनसीआर के कॉमेडी सर्किट में सक्रिय रहते हैं। उन्होंने साल 2022 में ‘Almost Yash’ नाम से अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था। उनके चैनल पर करीब 29 हजार सब्सक्राइबर बताए जाते हैं। वह आम जिंदगी और सामाजिक मुद्दों पर कॉमेडी वीडियो बनाते हैं। हालांकि, छठ पूजा और सिंदूर परंपरा से जुड़ा उनका कथित वीडियो अब बड़े विवाद की वजह बन गया है। फिलहाल पटना में दर्ज एफआईआर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और कानूनी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
