Home देश पुणे कोर्ट के बाहर अचानक क्यों मची अफरा-तफरी? 4-5 हमलावरों ने किया...

पुणे कोर्ट के बाहर अचानक क्यों मची अफरा-तफरी? 4-5 हमलावरों ने किया हमला, एक शख्स घायल

पुणे जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर मंदार किवडे पर 4-5 हमलावरों ने हमला किया। एक व्यक्ति घायल, दो बंदूकें बरामद, आरोपियों की तलाश जारी।

Pune Court Firing

Pune Court Firing: महाराष्ट्र के पुणे में जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर दिनदहाड़े हमले की घटना से हड़कंप मच गया। शिवाजीनगर कोर्ट परिसर के बाहर 4 से 5 अज्ञात हमलावरों ने मंदार किवडे नाम के व्यक्ति को निशाना बनाया। घटना दोपहर करीब 1:15 बजे की बताई जा रही है। हमले में मंदार घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी में गोलीबारी की बात सामने आई थी, लेकिन डॉक्टरों की जांच में उनके शरीर पर गोली लगने का निशान नहीं मिला। ऐसे में घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

कोर्ट के बाहर 4-5 लोगों ने घेरा, धारदार हथियार से किया हमला

जानकारी के मुताबिक, मंदार किवडे कोर्ट परिसर के बाहर मौजूद थे, तभी 4 से 5 हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें धारदार हथियार से चोटें आईं। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया गया। इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल पीड़ित के शरीर पर गोली लगने का कोई निशान नहीं मिला है। पुलिस ने घटनास्थल से दो बंदूकें भी बरामद की हैं। शुरुआती जांच में संदिग्धों की पहचान होने की जानकारी सामने आई है।

घायल के खिलाफ पहले से दर्ज था हत्या का केस, जमानत पर आया था बाहर

पुणे सिटी पुलिस के मुताबिक, घायल मंदार किवडे के खिलाफ साल 2025 में हत्या का एक मामला दर्ज हुआ था। वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। इस वजह से पुलिस हमले के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच के डीसीपी गौहर हसन ने बताया कि मामले में चार से पांच संदिग्धों के शामिल होने की जानकारी मिली है। आरोपियों की पहचान करने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीमें मिलकर काम कर रही हैं। हालांकि, हमले में कुल कितने लोग शामिल थे और वारदात को किस वजह से अंजाम दिया गया, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

Read More-अनंत सिंह की बेटी की शादी में हेलीकॉप्टर से पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह, कैमरे के सामने कह दी ऐसी बात कि वायरल हो गया बयान!

Exit mobile version