पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को तार-आर कर दिया है। यहाँ एक 14 वर्षीय मासूम बच्ची अपनी ही सहेली के विश्वासघात का शिकार हो गई। कक्षा 8 में पढ़ने वाली इस छात्रा को क्या मालूम था कि जिसे वह अपनी दोस्त समझ रही है, वही उसे हैवानों के हवाले करने की साजिश रच रही है। शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे बुदबुद इलाके की रहने वाली सिमरन तमांग नाम की युवती बच्ची को बहला-फुसलाकर उसके घर से ले गई थी। इसके बाद जो कुछ भी हुआ, उसने इलाके के लोगों में भारी आक्रोश और खौफ पैदा कर दिया है।
चार पहिया वाहन में पिलाई नशीली शराब, होटल के कमरे में दरिंदगी
पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी सहेली सिमरन बच्ची को एक चार पहिया वाहन में लेकर गई। वहाँ मासूम को जबरन नशीली दवा मिली हुई शराब पिला दी गई। नशे के असर से जब बच्ची अपनी सुध-बुध खो बैठी और बेबस हो गई, तो उसे दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित कविगुरु इलाके के एक नामी होटल में ले जाया गया। वहाँ पहले से ही इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने के लिए राज मल्लिक, शेख अजारुद्दीन और उनके कुछ साथी घात लगाकर बैठे थे। अचेत अवस्था का फायदा उठाकर इन दरिंदों ने मासूम के साथ सामूहिक बलात्कार (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया।
बाईपास पर बदहवास हालत में फेंका, फरिश्ता बनकर आया टोटो चालक
हैवानियत की सारी हदें पार करने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने और खुद को बचाने के लिए रूह कंपा देने वाला कदम उठाया। उन्होंने लहूलुहान और बदहवास हालत में मासूम बच्ची को बुदबुद बाईपास के पास लावारिस छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। शनिवार रात करीब 10:30 बजे, जब जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही बच्ची पर एक ई-रिक्शा (टोटो) चालक की नजर पड़ी, तो उसने इंसानियत दिखाई। टोटो चालक ने तुरंत सूझबूझ का परिचय देते हुए पीड़ित बच्ची को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया। बदहवास बेटी को देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, गुस्से में परिवार और राजनेता
इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट तुरंत हरकत में आई। पुलिस कमिश्नर प्रणब कुमार ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता महिला सिमरन तमांग, दो नामजद आरोपी और संबंधित होटल के मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही बच्ची के पिता ने रोते हुए मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों को सरेआम फांसी (मृत्युदंड) देने की मांग की है। वहीं, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे भाजपा नेता पारिजात गांगुली ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे बलात्कारियों को जेल में मुफ्त की रोटियां नहीं तोड़नी चाहिए, उन्हें सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
READ MORE-मकान खाली करने को कहा, तो रच डाली खौफनाक साजिश! DU प्रोफेसर मर्डर केस में बड़ा खुलासा
