Hyderabad Crime News: तेलंगाना के हैदराबाद से चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। यहां 25 साल की एक युवती ने बंद मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ किया। आरोपी की पहचान पागा जया के रूप में हुई है, जो बीटेक की पढ़ाई बीच में छोड़ चुकी है। बताया जा रहा है कि वह पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनकर निकलती थी और घरों के ताले तोड़ने के लिए हाथ से चलने वाली मशीन का इस्तेमाल करती थी। उप्पल थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 70 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और आईफोन 17 बरामद किया है।
बंद मकान देखकर बनाया चोरी का प्लान, 48 तोला सोना उड़ाया
पुलिस के मुताबिक, उप्पल के न्यू भारतनगर निवासी गंगम भास्कर रेड्डी 26 अक्टूबर को परिवार के साथ कोमुरवेल्ली गए थे। घर पर ताला लगा देखकर आरोपी जया ने मौका तलाशना शुरू कर दिया। इसके बाद रात के समय वह घर पहुंची और हाथ से चलने वाली मशीन की मदद से ताला काटकर अंदर दाखिल हो गई। घर में रखे करीब 48 तोला सोने के गहने, डेढ़ किलो चांदी और दो लाख रुपये नकद लेकर वह फरार हो गई। परिवार के वापस लौटने पर चोरी की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
B.Tech की पढ़ाई छूटी तो अपराध की दुनिया में रखा कदम
जांच में सामने आया कि पागा जया मूल रूप से तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले के पलवांचा की रहने वाली है। उसने बीटेक में दाखिला लिया था, लेकिन आर्थिक परेशानियों के कारण पहले साल के बाद पढ़ाई छोड़नी पड़ी। साल 2023 में वह हैदराबाद आ गई और शिवकुमार नाम के व्यक्ति से शादी कर ली। पुलिस के अनुसार, जल्दी पैसा कमाने और आरामदायक जिंदगी जीने की चाह में उसने चोरी करना शुरू किया। वारदात के दौरान पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनना और ताले काटने वाली मशीन साथ रखना उसकी कार्यशैली का हिस्सा बन गया था।
पांच थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातों का खुलासा
मलकाजगिरि की पुलिस आयुक्त सुमति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी ने उप्पल, मेडिपल्ली, जगदगिरिगुट्टा और भद्राद्री कोठागुडेम टू-टाउन थाना क्षेत्रों में कुल पांच बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। इसके बाद उप्पल पुलिस ने जया को गिरफ्तार कर लिया। जांच में उसकी चोरी करने की अलग कार्यशैली का भी खुलासा हुआ।
70 लाख के गहने और iPhone 17 बरामद, जेल भेजी गई आरोपी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 70 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और आईफोन 17 बरामद किया है। बताया गया है कि आईफोन चोरी से मिले पैसों से खरीदा गया था। पुलिस आयुक्त सुमति ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से चोरी की घटनाओं का खुलासा किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
