Home देश 48 लाख की नौकरी छोड़ IPS बनीं अंजलि विश्वकर्मा, अब UP कैडर...

48 लाख की नौकरी छोड़ IPS बनीं अंजलि विश्वकर्मा, अब UP कैडर छोड़ 823 KM दूर क्यों जाएंगी?

IPS अंजलि विश्वकर्मा ने शादी के आधार पर उत्तर प्रदेश कैडर छोड़कर छत्तीसगढ़ कैडर जॉइन किया। जानिए 48 लाख की नौकरी छोड़ IPS बनने वाली अंजलि विश्वकर्मा

अंजलि विश्वकर्मा

उत्तर प्रदेश कैडर की तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारी अंजलि विश्वकर्मा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई पुलिस अभियान नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश कैडर छोड़कर छत्तीसगढ़ कैडर में जाना है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विवाह के आधार पर उनके इंटर-कैडर ट्रांसफर को मंजूरी दे दी है। वर्ष 2021 बैच की आईपीएस अंजलि विश्वकर्मा फिलहाल कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADCP) के पद पर कार्यरत हैं। अब उनका तबादला छत्तीसगढ़ कैडर में किया गया है, जहां उनके पति और 2021 बैच के ही आईपीएस अधिकारी उदित पुष्कर पहले से तैनात हैं। इस फैसले के बाद दोनों अधिकारी अब एक ही कैडर में अपनी सेवाएं दे सकेंगे। लंबे समय से अलग-अलग राज्यों में पोस्टिंग होने के कारण दोनों के बीच करीब 823 किलोमीटर की दूरी थी, जो अब कम हो जाएगी।

स्कूल की दोस्ती से शुरू हुई कहानी, IIT से UPSC तक साथ का सफर

अंजलि विश्वकर्मा की सफलता की कहानी कई युवाओं के लिए प्रेरणा मानी जाती है। उनका जन्म 11 जनवरी 1993 को उत्तराखंड में हुआ। उन्होंने वर्ष 2011 में ‘कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी’ स्कूल से 12वीं की परीक्षा में 97.7 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया था। इसी दौरान उनकी दोस्ती सहारनपुर निवासी उदित पुष्कर से हुई। आगे चलकर दोनों ने आईआईटी कानपुर में पढ़ाई की। अंजलि ने नेविगेशन इंजीनियरिंग में बीटेक किया, जबकि उदित भी तकनीकी शिक्षा के लिए वहीं पहुंचे। पढ़ाई पूरी करने के बाद अंजलि को एक अंतरराष्ट्रीय ऑयल कंपनी में लगभग 48 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर नौकरी मिली। अपने काम के दौरान उन्होंने मेक्सिको, नॉर्वे, ब्रिटेन, मलेशिया, सिंगापुर और अबू धाबी सहित कई देशों में काम करने का अनुभव भी हासिल किया।

विदेश की नौकरी छोड़ी, UPSC में हासिल की शानदार सफलता

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उदित पुष्कर के प्रोत्साहन पर अंजलि ने वर्ष 2018 में अपनी विदेशी नौकरी छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया। इसके बाद दोनों ने साथ मिलकर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी शुरू की। मेहनत रंग लाई और UPSC 2020 परीक्षा में अंजलि विश्वकर्मा ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 158 हासिल की। वहीं उदित पुष्कर ने AIR 674 प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा में जगह बनाई। चयन के बाद अंजलि को उत्तर प्रदेश कैडर और उदित को छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ। वर्ष 2024 में दोनों विवाह बंधन में बंधे। अब विवाह के आधार पर केंद्र सरकार ने अंजलि का कैडर बदलकर छत्तीसगढ़ कर दिया है। यह प्रक्रिया अखिल भारतीय सेवाओं के नियमों के तहत की गई है, जिसमें पति-पत्नी को एक ही कैडर में तैनाती देने का प्रावधान है।

अब सबकी नजर नई पोस्टिंग पर, ‘लेडी सिंघम’ की नई पारी शुरू

फिलहाल उदित पुष्कर रायपुर स्थित राजभवन में राज्यपाल के परिसहाय के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इससे पहले वह दंतेवाड़ा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) रह चुके हैं। अंजलि विश्वकर्मा को छत्तीसगढ़ में किस जिले या यूनिट में तैनाती मिलेगी, इसका फैसला अभी होना बाकी है। हालांकि, कैडर बदलने के बाद दोनों अधिकारियों के साथ काम करने की संभावना बढ़ गई है। अंजलि विश्वकर्मा अपनी सख्त कार्यशैली और प्रभावी पुलिसिंग के कारण उत्तर प्रदेश में ‘लेडी सिंघम’ के नाम से भी पहचानी जाती हैं। उनकी शैक्षणिक उपलब्धियां, विदेश में उच्च वेतन वाली नौकरी, फिर उसे छोड़कर देश सेवा का रास्ता चुनना और अब शादी के बाद कैडर परिवर्तन—इन सभी कारणों से उनका सफर युवाओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अब छत्तीसगढ़ में उनकी नई जिम्मेदारी और नई पारी पर सभी की नजर रहेगी।

Read more-कब से शुरू होगी कांवड़ यात्रा और कब चढ़ेगा जल? जानें यात्रा के दौरान क्या करें और क्या नहीं

Exit mobile version