जम्मू की चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रोनिशा सट्टी की आत्महत्या की कोशिश ने हर किसी को हैरान कर दिया है। अस्पताल में भर्ती रोनिशा की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद परिवार ने उनकी मंगेतर प्रशांत शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि प्रशांत ने रिश्ते के नाम पर भरोसा जीता, पैसे लिए और बाद में सोशल मीडिया पर बदनाम करना शुरू कर दिया। रोनिशा की मां रीना सट्टी ने कहा कि उनकी बेटी पिछले कई महीनों से मानसिक तनाव में थी। सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर उसकी तस्वीरें और निजी बातें वायरल की जा रही थीं, जिससे वह पूरी तरह टूट गई थी। परिवार का आरोप है कि लगातार ट्रोलिंग और बदनामी ने रोनिशा को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
फर्जी सोशल मीडिया पेज ने बढ़ाया विवाद
परिवार के मुताबिक, रोनिशा और प्रशांत की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों करीब आए और शादी की बात तक पहुंच गए। रोनिशा ने अपनी पिछली शादी और चल रहे तलाक केस की जानकारी भी प्रशांत को पहले ही दे दी थी। परिवार का कहना है कि सब कुछ जानने के बावजूद प्रशांत ने रिश्ता जारी रखा और शादी का भरोसा दिया। आरोप है कि इसी दौरान उसने रोनिशा से लाखों रुपये भी लिए। बाद में अचानक उसका व्यवहार बदल गया और उसने दूरी बनानी शुरू कर दी। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक फर्जी पेज सामने आया, जिसमें रोनिशा और उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक बातें पोस्ट की जाने लगीं। परिवार का आरोप है कि यह सब प्रशांत और उसके करीबियों ने मिलकर किया। इन पोस्ट्स की वजह से रोनिशा मानसिक रूप से बुरी तरह परेशान हो गई थीं।
मां बोलीं- ‘गरीब हैं तो क्या सम्मान से जीने का हक नहीं?’
रोनिशा की मां ने भावुक होकर कहा कि उनका परिवार सामान्य जिंदगी जीने वाला परिवार है। उनके पति ऑटो चलाते थे और उन्होंने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लिया था। रीना सट्टी ने कहा कि उन्होंने सिलाई कर घर चलाया और अपनी बेटी को आगे बढ़ाया, लेकिन अब पूरे परिवार की इज्जत दांव पर लग गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का कहना है कि पुलिस ने प्रशांत को बुलाकर समझाया जरूर था, लेकिन उसके बाद भी सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग बंद नहीं हुई। उल्टा कोर्ट में केस दर्ज कर परिवार पर दबाव बनाया गया। रीना सट्टी ने कहा कि उनकी बेटी लगातार रोती रहती थी और खुद को अकेला महसूस कर रही थी। परिवार को उम्मीद थी कि मामला शांत हो जाएगा, लेकिन हालात और बिगड़ते चले गए।
आखिरी वीडियो में छलका दर्द, जांच में जुटी पुलिस
घटना से पहले रोनिशा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी शेयर किया था। वीडियो में वह काफी भावुक दिखाई दीं और मानसिक दबाव की बात करती नजर आईं। उन्होंने कहा था कि जिंदगी में लगातार मिले धोखे और रिश्तों के टूटने ने उन्हें अंदर से कमजोर कर दिया है। वीडियो में उन्होंने यह भी दावा किया कि कई बार उन्होंने और उनके परिवार ने प्रशांत की आर्थिक मदद की थी। अब इस पूरे मामले ने जम्मू में बड़ा सामाजिक और डिजिटल विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर लोग रोनिशा के समर्थन में पोस्ट कर रहे हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं अस्पताल में डॉक्टरों की टीम रोनिशा की हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Read More-नशे के खिलाफ BJP का बड़ा दांव, लेकिन हनी सिंह की एंट्री से क्यों भड़क गया विपक्ष?
