उत्तर प्रदेश के नोएडा में जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, लेकिन उससे पहले ही राजनीतिक सियासत ने जोर पकड़ लिया है। AIMIM नेता शादाब चौहान ने एयरपोर्ट प्रबंधन को निजी कंपनियों को सौंपने को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि यह शायद प्रधानमंत्री का अंतिम कार्यकाल हो सकता है। चौहान ने कहा कि एयरपोर्ट का निर्माण होना अच्छी बात है, लेकिन इसे निजी कंपनियों के हाथों में देना आम जनता के लिए बोझ बढ़ा सकता है। उनका आरोप था कि निजी कंपनियां मनमाने ढंग से शुल्क बढ़ाती हैं, जिससे सीधे यात्रियों पर असर पड़ता है।
निजीकरण और आम जनता पर असर
AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने एयरलाइंस कंपनियों की मनमानी और उच्च किराये को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, “पहले से मौजूद एयरपोर्ट्स पर भी बार-बार शुल्क बढ़ाया जाता है। संकट या आपदा के समय भी यात्रियों से अतिरिक्त रकम वसूली जाती है।” चौहान ने हाल ही में ईरान-इजरायल संकट का उदाहरण देते हुए कहा कि हवाई यात्रा अब आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुकी है। उन्होंने यह भी जोड़ते हुए कहा कि अब हवाई यात्रा केवल अमीरों तक सीमित हो गई है और आम जनता को वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में भी कठिनाई होती है।
सरकार से की गई अपील
शादाब चौहान ने सरकार से अपील की कि नोएडा एयरपोर्ट का पूरा नियंत्रण निजी कंपनियों के बजाय केंद्र सरकार के पास रहे। उन्होंने कहा कि एयरलाइंस कंपनियां मनमाने दाम वसूल न करें और किराया मानकों के अनुरूप रहे। चौहान ने यह भी कहा कि प्रीमियम ट्रेनों को तरजीह देने जैसी नीतियों से आम यात्रियों की परेशानी बढ़ रही है और इसे रोकना जरूरी है। उनका कहना था कि अगर सरकार नियंत्रण बनाए रखती है तो आम यात्रियों के लिए सुविधा बेहतर होगी और कीमतें स्थिर रहेंगी।
पीएम मोदी का आखिरी कार्यकाल?
AIMIM नेता ने आगे दावा किया कि पीएम मोदी का ये शायद अंतिम कार्यकाल हो सकता है। शादाब चौहान ने कहा, “उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है, पुलिस का आत्मसम्मान घट गया है और जनप्रतिनिधियों का सम्मान भी नहीं बचा। यह स्थिति बताती है कि आगामी चुनावों में बीजेपी को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।” उन्होंने गैस सिलेंडर की बढ़ती समस्या का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री से अपील की कि ‘हर घर सिलेंडर’ अभियान के तहत हर परिवार तक सुविधा पहुंचाई जाए।
Read More-PM Modi और Trump की फोन वार्ता में मस्क की मौजूदगी? रिपोर्ट में सामने आया बड़ा खुलासा
