दिल्ली में Rapido ऑटो से सफर कर रही एक महिला ने ड्राइवर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। असम की रहने वाली रिसर्चर और डिजिटल क्रिएटर सुकन्या दत्ता ने कहा कि सफर के दौरान ऑटो चालक मोबाइल पर अश्लील वीडियो देख रहा था और गलत हरकत कर रहा था। महिला ने बताया कि उन्होंने शाम करीब 8:48 बजे सफदरजंग से मॉडल टाउन जाने के लिए Rapido ऑटो बुक किया था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन रास्ते में एक ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक महिला ने इशारे से उनका ध्यान ड्राइवर की तरफ दिलाया। इसके बाद उन्हें शक हुआ कि ड्राइवर कुछ गलत कर रहा है। महिला का कहना है कि जैसे ही ड्राइवर को लगा कि कोई उसे देख रहा है, उसने तुरंत अपना मोबाइल छिपा लिया। इस घटना के बाद महिला पूरे रास्ते डरी और परेशान रहीं।
बीच रास्ते उतरने की बजाय सुरक्षित जगह पहुंचीं
महिला ने बताया कि उनकी मंजिल अभी काफी दूर थी और रास्ता भी उनके लिए नया था। इसलिए उन्होंने बीच रास्ते उतरने का जोखिम नहीं लिया। उन्होंने सोचा कि किसी भीड़भाड़ वाली जगह तक पहुंचना ज्यादा सुरक्षित रहेगा। सफर के दौरान ही उन्होंने Rapido की सेफ्टी टीम को फोन कर पूरी बात बताई। उनका कहना है कि उस समय कंपनी की ओर से उन्हें तुरंत कोई मदद नहीं मिली। महिला ने बाद में सोशल मीडिया पर लिखा कि लोग अक्सर पूछते हैं कि महिलाएं ऐसी स्थिति में तुरंत वाहन से क्यों नहीं उतर जातीं। लेकिन हर बार ऐसा करना सुरक्षित नहीं होता। कई बार सही फैसला वही होता है जिससे खुद की जान और सुरक्षा बनी रहे।
वीडियो वायरल होने के बाद Rapido ने लिया बड़ा फैसला
मंजिल पर पहुंचने के बाद महिला ने ड्राइवर से कैमरे के सामने सवाल किए। महिला का कहना है कि ड्राइवर ने अश्लील वीडियो देखने की बात साफ तौर पर नहीं मानी, लेकिन उसने कहा कि वह विदेशी महिलाओं के छोटे कपड़ों वाले वीडियो देख रहा था। इसके बाद महिला ने पूरी घटना सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। मामला वायरल होते ही Rapido ने जांच शुरू की। कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि ड्राइवर का व्यवहार नियमों के खिलाफ पाया गया है। इसलिए उसे हमेशा के लिए Rapido प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। कंपनी ने महिला से माफी भी मांगी और कहा कि आगे से ऐसी शिकायतों पर और तेजी से कार्रवाई की जाएगी।
लोगों ने उठाए महिला सुरक्षा से जुड़े सवाल
यह मामला सामने आने के बाद सोशल Media पर कई लोगों ने महिला का समर्थन किया। लोगों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा सबसे जरूरी है और ऐसी घटनाओं पर तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कई यूजर्स ने Rapido से अपनी सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग भी की। वहीं, कुछ लोगों ने उस महिला की तारीफ की जिसने ट्रैफिक सिग्नल पर इशारा करके यात्री को सावधान किया। इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि महिलाओं को सुरक्षित सफर देने के लिए कंपनियों को सिर्फ वादे नहीं, बल्कि मजबूत सुरक्षा इंतजाम भी करने होंगे।
