लखनऊ। लखीमपुर खीरी हिंसा पर पूरे प्रदेश में बवाल मचा हुआ है। विपक्ष के नेता जहां पीड़ित परिवारों से मिलने की जिद पर अड़े हुए हैं। वहीं पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था बिगड़ने का हवाला देते हुए उन्हें (नेताओं) हिरासत में ले लिया है। प्रदेश के कई जिलों में विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया है। इस बीच सरकार की भी किसानों से बातचीत हो चुकी है। वहीं इससे पहले राजधानी लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। पुलिस और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने की भी खबर सामने आ रही है।
सपा कार्यकर्ताओं ने उस समय सभी हदें पार कर दीं, जब अखिलेश यादव के सामने ही एक दरोगा को ही पीट दिया। सपा सुप्रीमो ने पार्टी कार्यकर्ताओं को रोकने की भी कोशिश लेकिन उग्र प्रदर्शन कर रहे पार्टी समर्थक दरोगा को पीटते रहे। दरोगा के साथ सपा कार्यकर्ताओं ने काफी बदसलूकी भी की। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सोमवार सुबह जब वो लखीमपुर के लिए निकले तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद अखिलेश यादव अपने आवास के बाहर ही धरने पर बैठ गए थे। वहीं भारी पुलिस बल को पूर्व सीएम के घर के बाहर तैनात कर दिया गया। सपा कार्यालय और पार्टी अध्यक्ष के घर के बाहर दोनों ओर सड़क पर ट्रक खड़ा करके रास्ता ब्लॉक कर दिया गया। लखीमपुर खीरी जाने की जिद्द पर अड़े अखिलेश यादव को बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को सोमवार सुबह 5 बजे लखीमपुर के हरगांव में पुलिस ने हिरासत में ले लिया थ। उन्हें हिंसा के पीड़ितों से मिलने नहीं दिया गया है। प्रियंका को लखीमपुर में हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उन्हें सीतापुर के एक गेस्ट हाउस में ठहराया गया है।
इसे भी पढ़ें : लखीमपुर खीरी हिंसा : BJP पर मायावती ने साधा निशाना, कहा – दो मंत्रियों की संलिप्तता देख नहीं लगता न्याय होगा