उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक बिना निमंत्रण के गेस्ट हाउस में पहुंचकर खाने के स्टॉल पर भोजन करने लगा। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के कानपुर रोड स्थित हरलाल धाम गेस्ट हाउस का है, जहां धूमधाम से शादी चल रही थी। रोशनी, बैंड-बाजे और मेहमानों की भीड़ के बीच युवक चुपचाप खाने में जुट गया। शुरुआत में किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर कुछ लोगों ने उससे पूछताछ शुरू की।
शक गहराया तो भीड़ ने खोया आपा
जब युवक से पहचान और निमंत्रण को लेकर सवाल किए गए, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसी बात ने वहां मौजूद लोगों के शक को और बढ़ा दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ लोग गुस्से में आकर युवक पर टूट पड़े। आरोप है कि युवक को घेरकर लात-घूंसों और थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा गया। पिटाई इतनी गंभीर थी कि युवक जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर चीख-पुकार मच गई। शादी की खुशियों के बीच यह घटना लोगों के लिए चौंकाने वाली बन गई।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया युवक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत एंबुलेंस से 50 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार युवक की हालत पिटाई के कारण काफी बिगड़ गई थी। मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई तहरीर मिलने के बाद की जाएगी।
पूछताछ में सामने आई चौंकाने वाली बात
प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने कच्ची शराब पी रखी थी और नशे की हालत में ही वह शादी समारोह में पहुंच गया। उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह कहां जा रहा है। भूख लगने पर उसने वहां खाना खाना शुरू कर दिया। हालांकि, इस घटना ने समाज में बढ़ती असंवेदनशीलता और कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना देना जरूरी होता है, लेकिन यहां भीड़ ने खुद ही फैसला सुना दिया।
Read more-महिलाओं को 40 हजार, बिजली भी मुफ्त! अखिलेश का प्लान सुनकर चौंक जाएंगे आप