उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच चुनाव आयोग ने नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। मंगलवार, 17 नवंबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मतदाताओं से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक किए। जारी सूची के मुताबिक, प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है। इससे पहले यह आंकड़ा करीब 13.39 करोड़ था। यानी प्रदेश में लगभग 19 लाख नए मतदाता बढ़े हैं। नई सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 दर्ज की गई है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 है। वहीं, 18 से 19 वर्ष की उम्र वाले 11 लाख 83 हजार 352 युवा मतदाता सूची में शामिल हैं।
महिला मतदाताओं की संख्या में सबसे ज्यादा अंतर, सामने आया बड़ा आंकड़ा
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के साथ ही प्रदेश में अनुमानित मतदाताओं और मौजूदा संख्या के बीच बड़ा अंतर भी सामने आया है। जारी आंकड़ों के अनुसार, अनुमानित संख्या के मुकाबले यूपी में करीब 2 करोड़ 58 लाख 16 हजार मतदाता कम हैं। इसमें पुरुष और महिला दोनों मतदाता शामिल हैं। अनुमान के मुताबिक प्रदेश में 8 करोड़ 32 लाख 76 हजार पुरुष मतदाता होने चाहिए थे, लेकिन वर्तमान सूची में इनकी संख्या इससे करीब 94 लाख कम है। वहीं, महिला मतदाताओं की अनुमानित संख्या 7 करोड़ 84 लाख 9 हजार बताई गई है, जबकि ड्राफ्ट सूची में करीब 6 करोड़ 20 लाख महिला मतदाता दर्ज हैं। इस तरह महिला मतदाताओं की संख्या में अंतर पुरुषों के मुकाबले काफी अधिक है। इन आंकड़ों के बाद मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और अपनी जानकारी ठीक कराने की प्रक्रिया महत्वपूर्ण हो गई है।
16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम, 4 जनवरी को आएगी फाइनल लिस्ट
चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी करने के साथ दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का कार्यक्रम भी घोषित किया है। इसके मुताबिक, 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी तरह की गलती सुधारने के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इसके बाद 28 दिसंबर तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। ऐसे में जिन लोगों का नाम सूची में नहीं है या उनके नाम, उम्र और पते में गलती है, उन्हें निर्धारित समय के भीतर आवेदन करना चाहिए। खासकर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं के लिए यह जरूरी मौका है।
बीजेपी ने भी शुरू किया वोटर जोड़ो अभियान, बूथ स्तर पर बनाया लक्ष्य
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के साथ ही बीजेपी ने भी उत्तर प्रदेश में अपना विशेष मतदाता जोड़ो अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक प्रदेशभर में ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ चलाएगी। इसके तहत प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 बूथों पर 50-50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस तरह पार्टी करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए वोटरों को मतदाता सूची में शामिल कराने की कोशिश करेगी। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए इस अभियान को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या कितनी पहुंचती है।
