Kanpur News: कानपुर के अनवरगंज इलाके में 16 रुपये की सेल का ऐलान इतना भारी पड़ गया कि देर रात हजारों लोगों की भीड़ जुट गई। आलम मार्ट में 16 मिनट के लिए हर सामान 16 रुपये में देने के ऑफर की खबर सोशल मीडिया के जरिए तेजी से फैली। इसके बाद दुकान के बाहर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। भीड़ बढ़ने से सड़क पर जाम लग गया और दुकान में प्रवेश को लेकर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जन्मदिन पर निकाला गया था खास ऑफर
बताया जा रहा है कि अनवरगंज स्थित आलम मार्ट के मालिक रईस आलम का जन्मदिन था। इसी मौके पर दुकान के प्रचार और सोशल मीडिया पर पहुंच बढ़ाने के लिए एक खास ऑफर जारी किया गया। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के जरिए लोगों तक यह जानकारी पहुंचाई गई कि सिर्फ 16 मिनट के लिए दुकान का सामान 16 रुपये में मिलेगा। ऑफर सुनते ही बड़ी संख्या में लोग देर रात बाजार पहुंचने लगे। कुछ ही समय में इलाके की सड़कें भीड़ से भर गईं। दुकान के अंदर जाने की कोशिश में धक्का-मुक्की और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसमें कुछ लोगों के मामूली रूप से घायल होने की भी सूचना है।
पुलिस ने संभाली स्थिति, लाठीचार्ज पर दिया ये जवाब
भीड़ बढ़ने की सूचना मिलने पर पुलिस कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। वायरल वीडियो में पुलिस के लाठीचार्ज करने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने बल प्रयोग की बात से इनकार किया है। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार के कारण भीड़ जमा हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और वहां से हटाया। अधिकारियों का कहना है कि किसी तरह का बल प्रयोग नहीं किया गया। फिलहाल आलम मार्ट को बंद करा दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अब पुलिस यह भी देख रही है कि इस प्रचार से जुड़ी कोई कानूनी कार्रवाई बनती है या नहीं।
