मथुरा पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुद को बाबा और कथावाचक बताकर लोगों को प्रभावित कर रहा था। आरोपी की पहचान अभिषेक मिश्रा के रूप में हुई है, जो आईआईटी से पढ़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार वह सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्रवचनों के जरिए लोगों, खासकर पढ़ी-लिखी युवतियों को अपने जाल में फंसाता था। इस गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
‘आध्यात्म’ की आड़ में चल रहा था ब्रेनवॉश का खेल
आरोपी खुद को “आदिकर्ता नारायण दास” नाम से प्रचारित करता था और यूट्यूब पर “राधा कृपा अमृता” नाम का चैनल चलाता था। इसी चैनल के जरिए वह धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवचन देता था, जिनके जरिए वह युवतियों से संपर्क बनाता था। पुलिस का कहना है कि धीरे-धीरे वह लड़कियों का ब्रेनवॉश कर उन्हें अपने साथ जोड़ लेता था और कई बार उन्हें अपने साथ रहने के लिए भी प्रेरित करता था। जांच में यह भी सामने आया है कि उसके साथ पहले कई युवक-युवतियां रहती थीं, लेकिन बाद में उसकी गतिविधियों को देखकर ज्यादातर लोग उससे दूर हो गए।
गंधर्व विवाह और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को आध्यात्मिक गुरु बताकर “गंधर्व विवाह” जैसी बातों का सहारा लेकर लड़कियों को अपने प्रभाव में लेता था। आरोप है कि वह पीड़िताओं को नशा देकर उनके साथ गलत काम करता था और फिर उनकी निजी तस्वीरें व वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। पुलिस को उसके मोबाइल से कई संदिग्ध फोटो और वीडियो भी मिले हैं। छत्तीसगढ़ की एक युवती की शिकायत के आधार पर यह मामला सामने आया, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
उगाही और यौन शोषण के कई आरोप, पुलिस जांच जारी
मथुरा पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बलात्कार और उगाही का मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि वह पीड़ित लड़कियों के परिजनों से पैसे की मांग करता था और उन्हें धमकाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और कितनी लड़कियां इसका शिकार बनी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।
Read More-सरकार का बड़ा आदेश: बिहार के मदरसों की जांच शुरू, BJP बोली- ‘फर्जी संस्थान हों तो…’
