Home UP इंस्टाग्राम वाले प्रेमी ने तोड़ा दिल, तो गुस्से में 180 फीट ऊंचे...

इंस्टाग्राम वाले प्रेमी ने तोड़ा दिल, तो गुस्से में 180 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी प्रेमिका, फिर…

यूपी के हरदोई में एक लड़की अपने प्रेमी की दूसरी जगह शादी तय होने से नाराज होकर 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी। पुलिस ने घंटों की मेहनत के बाद लड़की को सुरक्षित नीचे उतारा।

Hardoi News

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक लड़की अपने प्रेमी की बेवफाई से इतनी नाराज हो गई कि उसने अपनी जान दांव पर लगा दी। प्रेमी की शादी कहीं और तय होने की बात सुनकर लड़की गुस्से में लोनार कस्बे के पास बने करीब 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। जब लोगों ने एक लड़की को इतनी ऊंचाई पर देखा, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते टावर के नीचे सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और हर कोई डर के साए में आ गया।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी 5 साल की प्रेम कहानी

इस पूरे ड्रामे के पीछे की वजह सोशल मीडिया का प्यार है। दरअसल, सीतापुर की रहने वाली रूबी नाम की लड़की की दोस्ती हरदोई के रहने वाले शैलेंद्र से हुई थी। दोनों की यह मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों का यह परिचय प्यार में बदल गया। इसके बाद दोनों लखनऊ में एक साथ रहने लगे और पिछले 5 सालों से उनके बीच प्रेम संबंध चल रहा था। रूबी को पूरा यकीन था कि शैलेंद्र उससे शादी करेगा, लेकिन उसे क्या पता था कि उसका प्रेमी उसे इस तरह धोखा दे देगा।

20 जून को है प्रेमी की बारात

रूबी की जिंदगी में भूचाल तब आया, जब उसे पता चला कि शैलेंद्र के घरवालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी है और आने वाली 20 जून को उसकी बारात जाने वाली है। जैसे ही रूबी को इस बात की खबर मिली, उसके होश उड़ गए। वह तुरंत लखनऊ से हरदोई के लोनार कस्बे में पहुंच गई। रूबी ने शैलेंद्र से मिलकर बात करने और शादी रोकने की मिन्नतें कीं, लेकिन आरोप है कि शैलेंद्र ने उसकी एक न सुनी और बात करने से साफ मना कर दिया। प्रेमी के इस बर्ताव से टूटकर रूबी टावर की तरफ भाग खड़ी हुई।

पुलिस की सूझबूझ से बची लड़की की जान

लड़की के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही लोनार पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। टावर बहुत ऊंचा था, इसलिए पुलिस के लिए भी उसे नीचे उतारना एक बड़ी चुनौती थी। पुलिसवालों ने नीचे से ही रूबी को समझाना-बुझाना शुरू किया। काफी देर तक पुलिस और स्थानीय लोग उसे मनाते रहे और उसकी हर संभव मदद करने का भरोसा दिया। घंटों की कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद आखिरकार रूबी का गुस्सा शांत हुआ और वह सुरक्षित नीचे उतर आई। पुलिस ने उसे अपनी सुरक्षा में ले लिया है और मामले की आगे की जांच कर रही है।

Read More-प्रेमिका के लिए हैवान बना पिता, तीन मासूम बेटियों की कर दी हत्या, माँ ने ऐसे बचाई बेटे की जान

Exit mobile version