ग्रेटर नोएडा। कानपुर के बिकरू गांव कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे का एनकाउंटर हुए एक हफ्ते से ज्यादा का समय गुजर गया है लेकिन अभी उसके बारे में नित नए खुलासे हो रहे हैं। ऐसे में अब एक और चौंकाने वाला मामले सामने आया है। विकास दुबे के नाम से दादरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी से बना पर्चा वायरल हो रहा है। यह पर्चा उसी दिन का है जिस दिन विकास दुबे का एनकाउंटर हुआ था। मजे की बात यह है कि इस पर्चे पर विकास दुबे के नाम के साथ उसकी आयु 53 वर्ष और निवास कानपुर लिखा है। मामला सामने आते ही पुलिस दादरी अस्पताल गई और उस दिन ओपीडी में पर्चा बनाने वाले स्वास्थ्य कर्मी से पूछताछ भी की है। वहीं एसटीएफ भी मामले को लेकर सक्रिय नजर आ रही है।
इसे भी पढ़ें: नवीं के छात्र ने चोरों को साइकिल छोड़ कर भागने पर किया मजबूर, हो रही तारीफ
फिलहाल अभी इस वायरल पर्चे की अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है कि यह पर्चा विकास दुबे के लिए ही बनवाया गया था। वहीं इसकी आशंका से भी किसी ने इनकार नहीं किया है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तरह का पर्चा बनाने में किसका हाथ है और इसका मकसद क्या था। बताया जा रहा है कि अस्पताल प्रशासन ने पर्चा बनाने वाले स्वास्थ्य कर्मचारी से जवाब तलब किया गया। लेकिन वह कोई ठोस जानकारी नहीं दे पाया। देखते ही देखते यह पर्चा वायरल हो गया और यह पुलिस व एसटीएफ तक पहुंच गया। विकास दुबे का नाम सामने आते ही पुलिस सकते में आ गई और रात में ही अस्पताल पहुंचकर संबंधित कर्मचारी से काफी लंबी पूछताछ की।
हैरान करने वाली बात यह है कि विकास दुबे का नाम रजिस्टर में भी दर्ज था। लेकिन उसके नाम से किसी ने दवा नहीं ली है। मतलब मरीज अस्पताल तक नहीं पहुंचा। स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अमित कुमार ने हैरानी जताते हुए कहा कि इस तरह का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में ग्रेटर नोएडा जोन के डीसीपी राजेश कुमार सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आने पर जांच की गई। पर्चा बनाने वाले कर्मचारी ने बताया है कि एक नशेड़ी युवक ने विकास दुबे के नाम से पर्चा बनवाया था।
इसे भी पढ़ें: कोरोना संक्रमितों बच्चों में दिखे दुर्लभ बीमारी के लक्षण, विशेषज्ञ भी हैरान