अलीगढ़। लॉकडाउन के बावजूद भी देश में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में निरंतर बढ़ती मरीजों की संख्या ने चिंता और बढ़ा दी है। बढ़ती मरीजों की संख्या का एक कारण लॉकडाउन का सही से पालन न करना भी है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में लॉकडाउन का पालन करवाने गई पुलिस टीम पर पथराव किया गया है। इस पत्थरबाजी में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया है। उसके सिर में चोट आई है। जानकारी के मुताबिक अलीगढ़ की शहर कोतवाली स्थित भुजपुरा में प्रशासन ने सुबह 6 से 10 बजे तक बाजार खोलने की छूट दी है।
इसे भी पढ़ें: महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के आधिकारिक आवास तक पहुंचा कोरोना वायरस
समय पूरा होने पर पुलिसकर्मियों ने सब्जी व अन्य दुकानें बंद कराने लगे। इसी को लेकर पुलिस और दुकानदारों के बीच कहासुनी हो गई। इसी बीच स्थानीय ठेली वाले पुलिस पर आक्रामक हो गए। मामला देखते-देखते इतना तूल पकड़ लिया कि पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स और नगर निगम कर्मचारियों की टीम भी एकत्रित हो गई।
इस दौरान दोनों तरफ से काफी देर तक पत्थरबाजी होती रही। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने माहौल को देखते हुए हल्का बल प्रयोग करके लोगों को खदेड़ दिया। इससे रोड पर दुकान लगाए हुए सब्जी फल विक्रेता अपने-अपने सामान को छोड़कर भाग गए। फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। लोगों में भय व आक्रोस का माहौल दिख रहा है।
इसे भी पढ़ें: अमित शाह ने डाक्टरों को काम की तारीफ के साथ ही दिया सुरक्षा का भरोसा