नई दिल्ली। 26 जनवरी को कृषि कानूनों के विरोध में देश की राजधानी दिल्ली ने हुए उपद्रव का एक और आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। लाल किले पर हुए उपद्रव मामले में वांटेड चल रहे मनिंदर सिंह को दिल्ली के पीतमपुरा के एक बस स्टॉप से मंगलवार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने उसके स्वरूप नगर स्थित घर से दो तलवारें भी बरामद की।
इसे भी पढ़ें:-15 दिन से गच्चा रहे सिद्धू पर पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया केस, जानें कैसे आया गिरफ्त में
बता दें कि मनिंदर सिंह दिल्ली के लाल किले में हुई हिंसा के मुख्य आरोपियों में शामिल है और दिल्ली पुलिस को इसकी काफी समय से तलाश थी। लाल किले पर हुई हिंसा का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें साफ देखा जा सकता है कि मनिंदर सिंह तलवार लहरा रहा है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वह फेसबुक और अन्य सोशल साइट्स की पोस्ट देख कर कटटर हो गया था। उसने बताया की वह अक्सर सिंधु बॉर्डर जाया करता था और वहां किसानों का भाषण सुनता था।
छह लोगों को उकसाया था हिंसा के लिए
तीस वर्षीय मोनिंदर सिंह ने दिल्ली पुलिस को बताया की उसने अपने इलाके के छह लोगों को भी हिंसा के लिए उकसाया था और यह सभी किसान ट्रैक्टर रैली में मोटर साइकिल से शामिल हुए थे। इसके बाद मनिंदर सिंह लाल किले में घुसा और तलवार लहराते हुए डांस कर रहा था। इस दौरान वह वहां मौजूद दूसरे प्रदर्शनकारियों को भी उकसा रहा था। इसके साथ ही आरोपी स्वरूप नगर इलाके में एक खाली प्लॉट पर तलवार चलाने की ट्रेनिंग भी दे रहा था।
कई पुलिस कर्मी हुए थे जख्मी
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस के दिन कृषि कानूनों के विरोध में निकाली गयी किसान ट्रैक्टर रैली ने दिल्ली के आईटीओ और लाल किले समेत कई स्थानों पर हिंसा का रूप ले लिया था। इस दौरान प्रदर्शकारियों की पुलिस कर्मियों से झड़पें भी हुईं थी जिसमे सैकड़ों पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जबकि एक प्रदर्शकारी की ट्रैक्टर स्टंट करते हुए मौत हो गयी थी।
कई स्थानों पर किया था तांडव
इस बीच कई प्रदर्शनकारी तलवार लहराते हुए लाल किले की उस प्राचीर पर चढ़ गए और अपना धार्मिक झंडा फहरा दिया जहां 15 अगस्त को देश का तिरंगा फहराया जाता है। लाल किला हिंसा के सिलसिले में दर्ज प्राथमिकी में पुलिस ने कहा है कि प्रदर्शनकारियों ने दो कांस्टेबलों से 20 कारतूस वाली दो मैग्जीन छीन लींया। प्रदर्शनकारियों ने वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था, प्रदर्शकारियों ने इस दौरान दिल्ली में कई स्थानों पर जमकर तांडव किया।
इसे भी पढ़ें:-दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा लाल किले पर हुई हिंसा का मुख्य आरोपी दीप सिद्धू