Bathroom Tiles Cleaning Tips: बाथरूम की टाइल्स रोज साफ करने के बाद भी कुछ समय में काली और गंदी दिखने लगती हैं। इसका कारण पानी, साबुन और लगातार बनी रहने वाली नमी है। इन चीजों की वजह से टाइल्स पर धीरे-धीरे गंदगी की परत जम जाती है। इसके लिए आपको हर बार महंगे क्लीनिंग प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है। घर में रखा सफेद सिरका और बेकिंग सोडा काम आ सकता है। दोनों को मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें और इसे काली या गंदी टाइल्स पर लगा दें। करीब 10 से 15 मिनट बाद मुलायम ब्रश से हल्के हाथों से रगड़ें और पानी से धो दें। जिद्दी दागों पर यह तरीका दोबारा भी अपनाया जा सकता है।
नींबू-नमक और गर्म पानी भी आएगा काम
अगर टाइल्स पर पानी या साबुन के दाग ज्यादा हैं तो नींबू और नमक का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए नींबू के रस में थोड़ा नमक मिलाकर दाग वाली जगह पर लगाएं। करीब 15 मिनट बाद ब्रश या स्पंज से हल्के हाथों से साफ करें और पानी से धो लें। वहीं रोज की हल्की गंदगी के लिए एक बाल्टी गर्म पानी में थोड़ा डिटर्जेंट मिलाकर टाइल्स साफ की जा सकती हैं। बाथरूम की सफाई करते समय सिर्फ टाइल्स की ऊपरी सतह पर ध्यान न दें। उनके बीच की लाइन यानी ग्राउट में भी गंदगी और फंगस जमा हो सकता है। इसे पुराने टूथब्रश से आसानी से साफ किया जा सकता है।
सफाई के बाद ये काम जरूर करें
बाथरूम की टाइल्स साफ करने के बाद उन्हें सूखा रखना भी जरूरी है। अगर सफाई के बाद टाइल्स पर पानी जमा रह गया तो नमी के कारण दोबारा दाग और गंदगी जल्दी जम सकती है। इसलिए सफाई के बाद सूखे कपड़े या वाइपर से पानी हटा दें। बाथरूम में हवा आने-जाने की जगह रखें, ताकि नमी कम हो। टाइल्स को लंबे समय तक चमकदार रखने के लिए हफ्ते में कम से कम एक बार अच्छी तरह सफाई करना बेहतर है। एक जरूरी बात: सिरका और ब्लीच जैसे क्लीनर को कभी मिलाकर इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे हानिकारक गैस बन सकती है। घरेलू नुस्खे अपनाते समय टाइल्स के छोटे हिस्से पर पहले टेस्ट करना भी अच्छा रहता है।
Read more-19 अगस्त को सावधान! इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें दिल्ली-UP का मौसम
