हरिद्वार में मंगलवार देर रात बड़ा हंगामा देखने को मिला। खड़खड़ी इलाके में हरियाणा से आए कुछ युवकों पर एक स्थानीय महिला से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, मौके पर भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों नेदो युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना का वीडियो भी किसी ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में दिखी मारपीट
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई लोग युवकों को दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं। मौके पर मौजूद कुछ महिलाएं भी युवकों पर गलत हरकत करने का आरोप लगाती दिखाई दे रही हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और कानून अपने हाथ में न लें।
चोरी के शक में युवक को भी पीटा गया
उसी रात हरिद्वार के ललतारौ पुल के पास एक और घटना सामने आई। यहां एक युवक पर चोरी करने का शक जताया गया। शक होने पर कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग युवक को घेरकर पीट रहे हैं। हालांकि अभी यह साफ नहीं हुआ है कि युवक ने वास्तव में चोरी की थी या नहीं। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
दोनों घटनाओं के वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है और लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अगर किसी ने कानून तोड़ा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी, लेकिन किसी को भी भीड़ बनाकर किसी की पिटाई करने का अधिकार नहीं है। इसलिए मारपीट करने वालों की पहचान भी की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read More-वाराणसी की सड़क पर अचानक घिरी GST की महिला अफसर, VIDEO देखकर लोग रह गए हैरान
