सलमान खान अक्सर अपने बेबाक अंदाज और दरियादिली के लिए जाने जाते हैं, लेकिन हाल ही में उन्होंने कुछ ऐसा कर दिया जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड के दौरान सलमान खान ने नेशनल टेलीविजन पर अपने पिता सलीम खान से माफी मांगी। शो में रिश्तों और अपनों के बीच की दूरियों पर बात करते हुए भाईजान ने खुद से शुरुआत की और बताया कि कैसे एक बेटा होने के नाते उन्हें कुछ बातों का गहरा अफसोस है। उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने जाने-अनजाने कभी अपने पिता को निराश किया हो या कुछ गलत कहा हो, तो इसके लिए उन्हें दिल से खेद है।
आसिफ खान का छलका दर्द और भाई से माफी
शो के दौरान सिर्फ सलमान खान ही नहीं, बल्कि कंटेस्टेंट आसिफ खान का भी दर्द छलक उठा। आसिफ ने अपने अतीत के पन्नों को पलटते हुए नेशनल टीवी पर अपने बड़े भाई से रोते हुए माफी मांगी। उन्होंने बताया कि किस तरह शराब की लत में फंसने से पहले उनके बड़े घर की पूरी जिम्मेदारी संभालते थे। घर पर हुई एक तीखी और बड़ी लड़ाई के दौरान आसिफ ने अपने बड़े भाई पर हाथ उठा दिया था, जिसका पछतावा उन्हें आज भी सताता है। इस वाकये पर सलमान खान ने भी आसिफ को बहुमूल्य सलाह देते हुए कहा कि रिश्तों में कड़वाहट को पाटने में कभी भी ज्यादा देर नहीं करनी चाहिए, क्योंकि समय बहुत तेजी से निकलता है।
सलीम खान से क्यों नाराज थे सलमान के नाना?
इस भावुक एपिसोड के दौरान सलमान खान ने अपनी फैमिली से जुड़ा एक और दिलचस्प और पुराना राज खोला। उन्होंने बताया कि उनके नाना उनके पिता सलीम खान से पूरे 5 सालों तक बातचीत नहीं करते थे। सलमान के नाना इस शादी के सख्त खिलाफ इसलिए नहीं थे कि वे किसी जाति या बंधन को मानते थे, बल्कि उनकी चिंता सलीम खान के करियर को लेकर थी। उस समय सलीम बॉलीवुड में अपने लेखन के करियर की शुरुआत कर रहे थे और उनके नाना का मानना था कि उन्हें सेटल होने में थोड़ा वक्त लगेगा। हालांकि, सलमान के माता-पिता ने जब शादी कर ली, तो नाना नाराज हो गए थे, लेकिन बाद में उन्हें इस बात का काफी पछतावा भी हुआ था।
‘मातृभूमि’ फिल्म से जल्द बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे सलमान
अपनी पर्सनल लाइफ और शो से जुड़े इन खुलासों के अलावा सलमान खान अपने वर्कफ्रंट को लेकर भी काफी चर्चा में बने हुए हैं। अभिनेता जल्द ही अपनी आने वाली बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म को सरकार की तरफ से जरूरी क्लीयरेंस भी मिल चुकी है। हालांकि अभी तक मेकर्स की तरफ से आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन गलियारों में चर्चा है कि यह फिल्म आगामी 13 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। इस फिल्म में फैंस को सलमान खान के साथ खूबसूरत अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह की फ्रेश जोड़ी देखने को मिलेगी।
Read more-ग्रेटर नोएडा में खौफनाक वारदात: नूडल्स नहीं, पति के मोबाइल में छुपा था 5 मौतों का सनसनीखेज राज!
