Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली-NCR में रविवार देर रात से हो रही तेज बारिश ने तापमान में गिरावट के संकेत दिए हैं। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 12 अक्टूबर को दिल्ली समेत उत्तर भारत और देश के अन्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम के इस बदले मिजाज का असर आम जनजीवन और सड़क यातायात पर भी पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में बारिश से बढ़ी परेशानी
दिल्ली में बारिश के कारण नवरात्र के पहले दिन मंदिरों और आसपास के इलाकों में लोगों को दिक्कत हुई। कालका मंदिर के पास श्रद्धालु बारिश से बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, जबकि झंडेवालान मंदिर क्षेत्र में जलभराव की खबर सामने आई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजधानी में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, इंडिया ब्लॉक के प्रस्तावित प्रदर्शन के कारण दिल्ली की सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। बारिश और ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए घर से निकलने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर चलना चाहिए।
यूपी-बिहार से पंजाब तक बदलेगा मौसम, तेज आंधी का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, पाकिस्तान के आसपास सक्रिय मौसमी सिस्टम से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और बारिश होने की आशंका है। बिहार के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में भी हल्की बारिश से उमस से राहत मिल सकती है। पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में कुछ स्थानों पर भूस्खलन और बर्फबारी का खतरा भी जताया गया है। बंगाल की खाड़ी से जुड़े मौसमी बदलाव पूर्वी भारत के कुछ इलाकों को प्रभावित कर सकते हैं। तेज हवाओं के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहें तथा बिजली कड़कने पर खुले मैदानों में जाने से बचें।
