अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में दुर्गा पूजा के दौरान एक खास नजारा देखने को मिला। शहर के मेयर जोहरान ममदानी क्वींस स्थित ओम शक्ति मंदिर पहुंचे और हिंदू समुदाय के लोगों के साथ त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने नवरात्रि, दुर्गा पूजा और विजयादशमी के आयोजनों में हिस्सा लिया। ममदानी ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें भारतीय समुदाय के साथ इस उत्सव में शामिल होने का अवसर मिला। कार्यक्रम में गरबा, आरती और सिंदूर खेला जैसी परंपराएं निभाई गईं। मेयर की मौजूदगी को स्थानीय समुदाय के लिए खास माना जा रहा है। उनके इस दौरे ने धार्मिक आयोजनों के जरिए अलग-अलग समुदायों के बीच मेलजोल और आपसी सम्मान का संदेश भी दिया।
‘जय माता दी’ कहकर क्या बोले ममदानी?
मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के बाद जोहरान ममदानी ने लोगों से आपसी एकता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में नफरत के खिलाफ सभी को एक साथ खड़ा होना चाहिए और एक-दूसरे की देखभाल करनी चाहिए। अपनी पोस्ट में उन्होंने ‘जय माता दी’ लिखकर भी संदेश दिया। ममदानी ने अपने संदेश में इलिनोइस के एक हिंदू मंदिर में हुई सामूहिक गोलीबारी की कोशिश का भी जिक्र किया। उन्होंने ऐसे माहौल में धार्मिक स्थलों पर लोगों का एक साथ आना और खुशी मनाना महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, समाज की जिम्मेदारी है कि लोग एक-दूसरे का साथ दें और किसी भी तरह की नफरत को बढ़ावा न दें। उनके इस बयान को धार्मिक सद्भाव और समुदायों के बीच भरोसा मजबूत करने की अपील के तौर पर देखा जा रहा है।
This week, I was blessed to join Hindu New Yorkers in Queens celebrating Navratri, Durga Puja, Dashain, and Vijayadashami.
We danced garba, performed aarti, witnessed Sindoor Khela, and honored the Goddess Durga.
It was an honor to come together in joy, faith, and community in temples across our city — especially after the attempted mass shooting at a Hindu temple in Illinois last week.
May we all join together in our shared responsibility to stand against hate and care for one another.
Jai Mata Ki.
— Mayor Zohran Kwame Mamdani (@NYCMayor) October 21, 2026
शेखर कृष्णन ने भी जताई खुशी
न्यूयॉर्क के काउंसिल मेंबर शेखर कृष्णन ने भी ओम शक्ति मंदिर में दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण मिला था और मेयर जोहरान ममदानी की मौजूदगी उनके लिए सम्मान की बात रही। कृष्णन ने दुर्गा पूजा के महत्व को बताते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत, नारी शक्ति और धर्म की विजय का प्रतीक है। दुर्गा पूजा भारत के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले भारतीय समुदाय के लिए भी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का बड़ा अवसर है। न्यूयॉर्क में हुए इस आयोजन ने एक बार फिर दिखाया कि त्योहार लोगों को एक मंच पर लाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
