Home देश मां को आखिरी कॉल में बोली- ‘मैं फंस गई हूं’… 15 मिनट...

मां को आखिरी कॉल में बोली- ‘मैं फंस गई हूं’… 15 मिनट बाद फंदे पर मिली ट्विशा शर्मा, पति अब भी फरार

भोपाल मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में नया मोड़। आखिरी कॉल में मां से बोलीं “मैं फंस गई हूं”, 15 मिनट बाद फंदे पर मिलीं। पति समर्थ सिंह अब भी फरार, पुलिस ने 10 हजार का इनाम घोषित किया।

Twisha Sharma Death Case: भोपाल में मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। शादी के महज पांच महीने बाद हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह की तलाश तेज कर दी है, लेकिन वह अब तक फरार है। पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एसीपी रजनीश कश्यप कौल के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के लिए छह टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जरूरत पड़ने पर टीमों की संख्या बढ़ाई जाएगी। पुलिस ने यह आशंका भी जताई है कि समर्थ विदेश भाग सकता है। इसी को देखते हुए उसका पासपोर्ट सस्पेंड कराने के लिए पासपोर्ट कार्यालय को पत्र भेजा गया है। दूसरी ओर, ट्विशा के परिवार ने साफ तौर पर हत्या का आरोप लगाया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मौत वाली रात क्या-क्या हुआ? 

पुलिस जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, 12 मई की दोपहर ट्विशा शर्मा पार्लर गई थीं। बताया जा रहा है कि वह दोपहर करीब 3 बजे से शाम 6 बजे तक बाहर थीं। इसके बाद घर लौटकर उन्होंने पति समर्थ सिंह के साथ समय बिताया और दोनों ने टीवी देखा। रात करीब 9:45 बजे दोनों ने खाना खाया। परिवार के मुताबिक, पति-पत्नी अलग-अलग कमरों में सोते थे, इसलिए खाना खाने के बाद दोनों अपने-अपने कमरे में चले गए। लेकिन रात 10:05 बजे अचानक ट्विशा ने अपनी मां रेखा शर्मा को फोन किया। इस कॉल में उसने सिर्फ इतना कहा— “मैं फंस गई हूं।” यह सुनकर मां घबरा गईं और तुरंत ट्विशा की सास गिरीबाला को फोन कर बेटी को देखने के लिए कहा। सास जब कमरे में पहुंचीं तो ट्विशा वहां नहीं मिली। बाद में घर की टॉप फ्लोर पर बने शेड में जाकर देखा गया तो ट्विशा फंदे से लटकी हुई थी। बताया जा रहा है कि रात करीब 10:20 बजे वह संदिग्ध हालत में मिली।

डेटिंग ऐप से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

ट्विशा शर्मा और समर्थ सिंह की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और पिछले साल 12 दिसंबर 2025 को शादी हो गई। शादी के बाद ट्विशा अपने पति के साथ भोपाल में रहने लगी थीं। लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही रिश्तों में तनाव की बातें सामने आने लगीं। ट्विशा के मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी खुश नहीं थी और उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। परिवार का दावा है कि ट्विशा आत्महत्या नहीं कर सकती, बल्कि उसकी हत्या की गई है। वहीं, दूसरी तरफ समर्थ सिंह की मां और ट्विशा की सास गिरीबाला, जो कि रिटायर्ड जज बताई जा रही हैं, उन्होंने दावा किया है कि ट्विशा ड्रग एडिक्ट थी। इस बयान के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस केस को लेकर तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं।

पुलिस जांच तेज, आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी

भोपाल पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल चैट, घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और परिवार के बयान जुटा रही है। समर्थ सिंह के फरार होने के कारण संदेह और गहरा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, ट्विशा के परिवार ने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। शुरुआती जांच में कई बातें ऐसी सामने आई हैं, जिनके आधार पर पुलिस इस केस को बेहद संवेदनशील मानकर आगे बढ़ रही है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि समर्थ सिंह कब तक पुलिस की पकड़ में आता है और जांच में आखिर सच क्या निकलकर सामने आता है।

Read More-‘हमें क्या पता था बहू सिर्फ एक्टिंग कर रही है…’ ट्विशा केस में रिटायर्ड जज सास का फूटा दर्द, रोते-रोते खोले घर के अंदर के राज

Exit mobile version