Home देश 5.5 करोड़ की मैकलेरन जैसी दिखी कांवड़, ऊपर सवार थे भोलेनाथ… दिल्ली...

5.5 करोड़ की मैकलेरन जैसी दिखी कांवड़, ऊपर सवार थे भोलेनाथ… दिल्ली में उमड़ी भीड़

हरिद्वार से दिल्ली पहुंची मैकलेरन स्पोर्ट्स कार जैसी अनोखी कांवड़ चर्चा में है। 8 लाख में तैयार इस कांवड़ पर भगवान शिव की भव्य झांकी बनाई गई है।

Kanwar Yatra

Kanwar Yatra 2026: सावन की कांवड़ यात्रा में श्रद्धा के साथ अनोखी रचनात्मकता भी देखने को मिल रही है। दिल्ली पहुंची एक खास कांवड़ इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। देखने में यह करीब 5.5 करोड़ रुपये की मैकलेरन स्पोर्ट्स कार जैसी लगती है, लेकिन इसे तैयार करने में करीब 8 लाख रुपये खर्च हुए हैं। कार के ऊपर भगवान शिव की झांकी बनाई गई है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर छह दोस्तों की टोली करीब 225 किलोमीटर का सफर तय कर रही है।

ढाई महीने में तैयार हुई अनोखी कांवड़

इस कांवड़ को तैयार करने में करीब दो से ढाई महीने का समय लगा। टोली में शामिल दीपक शर्मा ने बताया कि इस बार कुछ अलग करने का विचार था। शुरुआत में नंदी महाराज के ऊपर भगवान शिव को विराजमान करने की योजना थी, लेकिन बाद में मैकलेरन कार की शक्ल में कांवड़ बनाने का फैसला किया गया। इसे तैयार करने में करीब 8 लाख रुपये खर्च हुए। रास्ते में इस कांवड़ को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटती रही और अलग-अलग जगहों पर टोली को एक दर्जन से ज्यादा पुरस्कार भी मिले।

कार पर भोलेनाथ और आगे बजरंगबली बने चालक

इस कांवड़ की सजावट इसे और खास बनाती है। कार के ऊपर भगवान शिव की झांकी बनाई गई है, जबकि उनकी जटाओं से निकलती करीब 10 फीट ऊंची गंगा की आकृति तैयार की गई है। कार के आगे भगवान हनुमान को चालक के रूप में दिखाया गया है। कांवड़ पर ‘महाकाल’ नाम की नंबर प्लेट भी लगाई गई है। रोशनी और आकर्षक सजावट के कारण सड़क पर चलते समय यह लोगों का ध्यान तुरंत अपनी ओर खींच रही है।

छह दोस्तों की टोली ने तय किया 225 KM का सफर

इस अनोखी कांवड़ को छह दोस्त मिलकर हरिद्वार से दिल्ली लेकर आए हैं। सभी अलग-अलग काम से जुड़े हैं। किसी का टेंपो कारोबार है तो कोई प्रॉपर्टी, बैटरी रिक्शा, इंटीरियर डिजाइनिंग और व्लॉगिंग से जुड़ा है। इसके बावजूद सावन में सभी दोस्तों ने साथ यात्रा करने का फैसला किया। दिल्ली पहुंचने के दौरान कई लोगों ने कांवड़ के साथ फोटो और वीडियो बनाए। अब यह टोली उत्तम नगर पहुंचेगी, जहां गंगाजल चढ़ाया जाएगा।

Read More-अमित शाह के बयान से खुलेगा संसद का रास्ता? रिजिजू ने विपक्ष के सामने रखी शर्त

Exit mobile version