PM Kisan Samman Nidhi: देशभर के करोड़ों किसानों के लिए आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करने जा रहे हैं। इस किस्त के तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे 2000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। यह कार्यक्रम आज 20 जून को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से आयोजित किया जाएगा, जहां से पीएम मोदी कई विकास योजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे।
करोड़ों किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
सरकारी जानकारी के अनुसार इस किस्त के तहत देशभर के करीब 9.44 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया सीधे बैंक खातों में की जाएगी, जिससे किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और सहायता राशि तुरंत उपलब्ध हो सके।
क्या है पीएम किसान योजना और कैसे मिलता है पैसा
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को की गई थी, जिसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता देना है। इस योजना के तहत हर पात्र किसान को सालाना 6,000 रुपये की सहायता दी जाती है, जो तीन बराबर किस्तों में 2,000-2,000 रुपये करके सीधे खाते में भेजी जाती है। अब तक 22 किस्तें सफलतापूर्वक जारी हो चुकी हैं और किसान लंबे समय से 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है।
कार्यक्रम का समय और पीएम का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल दौरे पर रहेंगे, जहां वे हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह इलाका कोलकाता से लगभग 62 किलोमीटर दूर है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कई केंद्रीय योजनाओं की घोषणा और विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार पीएम किसान योजना से जुड़ा कार्यक्रम दोपहर 3:55 बजे के आसपास शुरू होगा, जिसमें 23वीं किस्त जारी की जाएगी।
Read More-क्या रिलेशनशिप के बाद शादी करना जरूरी? इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सुनाया चौंकाने वाला फैसला
