NCP-SP Political News: परिसीमन बिल को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) इस मुद्दे पर INDIA गठबंधन से अलग रुख अपना सकती है। जहां गठबंधन के दूसरे दल परिसीमन विधेयक का विरोध करने की तैयारी में हैं, वहीं शरद पवार गुट की ओर से इसे समर्थन देने के संकेत मिल रहे हैं। पार्टी के इस संभावित फैसले से अंदरूनी नाराजगी भी सामने आने लगी है। सूत्रों के मुताबिक, कई सांसद और विधायक पार्टी की भूमिका से खुश नहीं हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या परिसीमन बिल को लेकर शरद पवार की पार्टी में दो गुट बन गए हैं?
परिसीमन बिल पर अलग रास्ता चुन सकती है NCP-SP
INDIA गठबंधन के सहयोगी दल परिसीमन विधेयक के विरोध में एकजुट नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर, शरद पवार की पार्टी इस मामले में समर्थन का रुख अपना सकती है। सूत्रों का दावा है कि पार्टी के कुछ नेता इस संभावित फैसले से नाराज हैं। उन्हें लगता है कि बिल पर पार्टी की स्पष्ट स्थिति नहीं होने से राजनीतिक असमंजस बढ़ रहा है। यही वजह है कि NCP-SP के भीतर मतभेद की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, पार्टी की ओर से इस पूरे मामले पर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है।
INDIA गठबंधन की बैठक से भी शरद गुट ने बनाई दूरी
परिसीमन बिल के विरोध को लेकर INDIA गठबंधन की प्रस्तावित बैठक में भी NCP-SP की भागीदारी को लेकर असमंजस बना हुआ है। पहले सुप्रिया सुले ने शरद पवार की तबीयत का हवाला देते हुए बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई थी। उनकी जगह सांसद नीलेश लंके को पार्टी का प्रतिनिधित्व करना था, लेकिन उन्होंने भी दूसरे कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण बैठक में नहीं पहुंच पाने की बात कही। इस घटनाक्रम के बाद गठबंधन के भीतर शरद पवार गुट के रुख को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
मंत्री पद की मांग को लेकर भी हो रही चर्चा
इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच सूत्रों के हवाले से यह दावा भी किया जा रहा है कि NCP-SP परिसीमन बिल का समर्थन करने के बदले केंद्र और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पद चाहती है। चर्चा है कि पार्टी सत्ता में हिस्सेदारी का फॉर्मूला तय होने के बाद ही समर्थन को लेकर अंतिम फैसला कर सकती है। हालांकि, मंत्री पद की मांग और सत्ता में शामिल होने की बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि शरद पवार इस मुद्दे पर INDIA गठबंधन के साथ रहेंगे या कोई अलग राजनीतिक रास्ता चुनेंगे। आने वाले दिनों में पार्टी का रुख महाराष्ट्र की राजनीति में अहम भूमिका निभा सकता है।
Read more-अरबों की दौलत के मालिक अनंत अंबानी गोवर्धन में नंगे पैर चले, कृष्ण भक्ति में भावुक होकर कही ये बात
