Home देश सीट बंटवारे पर अखिलेश का बड़ा फैसला, इन 4 नेताओं को सौंपी...

सीट बंटवारे पर अखिलेश का बड़ा फैसला, इन 4 नेताओं को सौंपी कमान; जानें किसका नाम है सबसे खास?

उत्तर प्रदेश आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चार सदस्यीय कमेटी बनाई है। इस टीम में रामगोपाल यादव और युवा सांसद इकरा हसन समेत चार प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है।

अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है और सभी राजनीतिक दल अपनी चुनावी रणनीतियों को धार देने में जुटे हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही अटकलों के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक अहम कदम उठाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव ने ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के सहयोगियों के साथ सीट समझौते पर अंतिम मुहर लगाने के लिए चार वरिष्ठ और सक्रिय नेताओं की एक विशेष कमेटी का गठन किया है। इस उच्च स्तरीय कमेटी में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और युवा सांसद इकरा हसन चौधरी को शामिल किया गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अब यही चारों नेता कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठकर सीटों के समीकरण और तालमेल पर आधिकारिक रूप से चर्चा करेंगे।

युवा और अनुभवी नेताओं के संतुलन से साधेंगे सियासी समीकरण

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अखिलेश यादव ने इस कमेटी के गठन में अनुभव और युवा जोश का बेहद सधा हुआ संतुलन बनाया है। एक तरफ जहां रामगोपाल यादव जैसा लंबा संसदीय और सांगठनिक अनुभव रखने वाला चेहरा मौजूद है, जो कठिन राजनीतिक परिस्थितियों में बातचीत को सही दिशा देने में माहिर माना जाता है। वहीं दूसरी तरफ, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और सांसद राजीव राय संगठन की जमीनी हकीकत और जातीय समीकरणों की गहरी समझ रखते हैं। इसके अलावा, कैराना से सांसद इकरा हसन चौधरी को इस महत्वपूर्ण टीम में शामिल कर सपा नेतृत्व ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मतदाताओं और युवा वर्ग को एक सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की है। इकरा हसन की संवाद शैली और उनकी लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें इस अहम जिम्मेदारी का हिस्सा बनाया गया है।

कांग्रेस ने किया स्वागत, गठबंधन धर्म निभाने की कही बात

समाजवादी पार्टी की ओर से गठित की गई इस चार सदस्यीय कमेटी पर कांग्रेस खेमे से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है। समाचार रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तर प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने सपा प्रमुख के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे एक अच्छी शुरुआत बताया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा गठबंधन को मजबूत करने की दिशा में काम किया है। आराधना मिश्रा ने साल 2024 के लोकसभा चुनावों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि जिस तरह कांग्रेस ने उस समय पूरी निष्ठा से गठबंधन धर्म निभाया था, ठीक उसी तरह आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में भी पार्टी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पूरी मजबूती से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।

सीट बंटवारे पर जल्द शुरू हो सकता है बैठकों का दौर

वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में दोनों ही दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती उन सीटों पर सहमति बनाना है, जहां दोनों पार्टियां अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रही हैं। अभी तक सीट शेयरिंग का फार्मूला तय न होने के कारण जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, अब अखिलेश यादव द्वारा अधिकृत कमेटी की घोषणा किए जाने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही लखनऊ से लेकर दिल्ली तक दोनों दलों के नेताओं के बीच बैठकों का दौर शुरू होगा। इन बैठकों में पिछले चुनावों के प्रदर्शन, स्थानीय समीकरणों और जिताऊ उम्मीदवारों के आधार पर सीटों का अंतिम बंटवारा तय किया जाएगा, जिससे आगामी चुनाव में गठबंधन एकजुट होकर मैदान में उतर सके।
Exit mobile version