क्रिकेट और साउथ सिनेमा के चाहने वालों के लिए इन दिनों एक खास तस्वीर चर्चा का विषय बनी हुई है। इस तस्वीर में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी और तमिल फिल्मों के सुपरस्टार अजित कुमार एक साथ नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि दोनों अपने-अपने क्षेत्र में ‘थाला’ के नाम से मशहूर हैं। दोनों सितारों की यह मुलाकात काव्या मारन और म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर के वेडिंग रिसेप्शन में हुई। तस्वीर में धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ दिखाई दे रहे हैं, जबकि अजित कुमार के साथ उनकी पत्नी शालिनी भी मौजूद हैं। नवविवाहित जोड़े के साथ इन चारों की तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। फैंस के लिए यह नजारा इसलिए भी खास है, क्योंकि क्रिकेट और फिल्म जगत के इन दो बड़े सितारों को एक साथ देखना कम ही मिलता है।
क्यों खास है धोनी और अजित की एक साथ मौजूदगी?
एमएस धोनी को चेन्नई सुपर किंग्स के समर्थक बेहद प्यार से ‘थाला’ कहते हैं। उनकी कप्तानी में चेन्नई की टीम पांच बार आईपीएल का खिताब जीत चुकी है। यही वजह है कि तमिलनाडु में धोनी की लोकप्रियता किसी फिल्म स्टार से कम नहीं है। दूसरी तरफ अजित कुमार भी तमिल फिल्म इंडस्ट्री में इसी नाम से पहचाने जाते हैं। उनकी शानदार फिल्मों और दमदार अंदाज ने उन्हें करोड़ों प्रशंसकों का चहेता बनाया है। ऐसे में एक ही तस्वीर में दो ‘थाला’ का नजर आना फैंस के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं रहा। सोशल मीडिया पर लोग इस मुलाकात को लेकर लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
रजनीकांत की एंट्री ने भी खींचा सबका ध्यान
काव्या मारन और अनिरुद्ध के शादी समारोह का दूसरा दिन भी सितारों से भरा रहा। रविवार, 22 नवंबर को साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रजनीकांत भी इस खास आयोजन में पहुंचे। इस दौरान उनकी मुलाकात अजित कुमार से हुई। दोनों ने गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे को गले लगाया। वहीं रजनीकांत और एमएस धोनी के बीच बातचीत का नजारा भी देखने को मिला। समारोह से सामने आई इन खास झलकियों ने सोशल मीडिया पर लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी। फैंस के लिए एक ही आयोजन में इतने बड़े सितारों को देखना किसी यादगार अनुभव जैसा रहा।
नयनतारा से रश्मिका तक, कई बड़े सितारों ने बढ़ाई रिसेप्शन की रौनक
इस खास समारोह में केवल क्रिकेट और सिनेमा के दिग्गज ही नहीं पहुंचे, बल्कि मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियों ने भी शिरकत की। अभिनेत्री नयनतारा, रश्मिका मंदाना, विजय देवरकोंडा, पूजा हेगड़े और सिलंबरासन टीआर समेत कई सितारे समारोह में नजर आए। फिल्म निर्देशक एटली और लोकेश कनगराज भी इस जश्न का हिस्सा बने। वहीं क्रिकेट जगत से केन विलियमसन, डेल स्टेन और मुथैया मुरलीधरन जैसे नामों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। हालांकि, पूरे आयोजन में सबसे ज्यादा चर्चा धोनी और अजित कुमार की एक साथ आई तस्वीर की हो रही है।
