Home मनोरंजन लग्जरी कार नहीं, ऑटो से सेट पर पहुंचे रजनीकांत, फैंस का शोर...

लग्जरी कार नहीं, ऑटो से सेट पर पहुंचे रजनीकांत, फैंस का शोर सुनकर खुद आए बाहर; वीडियो वायरल

रजनीकांत का मैसूर में ‘धर्मन’ की शूटिंग के लिए ऑटो रिक्शा से पहुंचने का वीडियो वायरल है। फैंस ने किया जोरदार स्वागत, जानिए फिल्म की कास्ट और कहानी से जुड़ी जानकारी।

रजनीकांत

सुपरस्टार रजनीकांत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। मामला मैसूर का है, जहां अभिनेता अपनी आने वाली फिल्म ‘Dharman’ की शूटिंग कर रहे हैं। शूटिंग सेट पर रजनीकांत जब ऑटो रिक्शा से पहुंचे तो वहां मौजूद फैंस का उत्साह देखने लायक था। लोगों ने अभिनेता को देखते ही नारे लगाने शुरू कर दिए और मोबाइल फोन से उनका वीडियो बनाने लगे। ऑटो से उतरने के बाद रजनीकांत ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया और सेट की ओर चले गए।

फैंस की आवाज सुनकर बाहर आए रजनीकांत

शूटिंग लोकेशन के बाहर बड़ी संख्या में प्रशंसक जमा थे। सुरक्षा कर्मी भीड़ को संभालते नजर आए और शूटिंग में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए गेट बंद रखने की कोशिश की गई। इसके बावजूद फैंस लगातार रजनीकांत का नाम लेकर उनका स्वागत करते रहे। शोर बढ़ने के बाद अभिनेता कुछ देर के लिए बाहर आए और प्रशंसकों की तरफ हाथ हिलाया। इस दौरान वह मैरून शर्ट और पारंपरिक वेश्टी में नजर आए। बच्चों समेत कई फैंस काफी देर से अभिनेता की एक झलक का इंतजार कर रहे थे।

‘Dharman’ की कास्ट को लेकर भी बढ़ी हलचल

रजनीकांत की इस फिल्म का निर्देशन अश्वथ मारिमुथु कर रहे हैं। फिल्म में सिमरन, राशि खन्ना और योगी बाबू के नाम सामने आ चुके हैं। वहीं, मैसूर शूटिंग के दौरान अभिनेत्री श्रीलीला के सेट पर दिखाई देने की चर्चा है। अभिनेता राम पोथिनेनी के भी फिल्म से जुड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि श्रीलीला और राम पोथिनेनी की कास्टिंग को लेकर मेकर्स की तरफ से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यही वजह है कि शूटिंग की तस्वीरों और वीडियो के बाद फैंस के बीच फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

डॉक्टर के रोल और फर्स्ट लुक ने पहले ही बढ़ाई उत्सुकता

‘Dharman’ को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी फिल्म के पहले लुक के सामने आने के बाद से ही बनी हुई है। शुरुआती पोस्टर में रजनीकांत डॉक्टर के रूप में दिखाई दिए थे। इस लुक में उनके किरदार को काफी अलग अंदाज में पेश किया गया था। अब मैसूर से सामने आए शूटिंग वीडियो ने फिल्म को लेकर चर्चा और तेज कर दी है। रजनीकांत का ऑटो से सेट पर पहुंचना और फिर फैंस से मुलाकात करना भी सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।

Read More-अमित शाह के जालंधर पहुंचने से पहले बड़ा अलर्ट, धमकी भरे ईमेल ने बढ़ाई चिंता

Exit mobile version