बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी सेहत और रोजमर्रा की दिनचर्या को लेकर कुछ ऐसी बातें साझा की हैं, जिनसे उनके प्रशंसक भी हैरान हो सकते हैं। बिग बी ने बताया कि इन दिनों कभी-कभी उन्हें नींद आने में परेशानी होती है। इसके साथ ही उनका जिम जाने का रूटीन भी प्रभावित हुआ है। अमिताभ ने अपने ब्लॉग में सुबह जल्दी जागने, नींद के लिए किए गए उपायों और उम्र के साथ शरीर में महसूस होने वाली थकान का जिक्र किया।
रातभर नींद के लिए करते रहे कोशिश
अमिताभ बच्चन ने बताया कि पिछली रात वह अपना ब्लॉग पूरा नहीं कर पाए थे। यही बात उनके मन में चलती रही और सुबह उनकी आंख जल्दी खुल गई। उन्होंने यह भी लिखा कि ब्लॉग में फॉन्ट का आकार बदलने में उन्हें परेशानी हो रही है। इसके लिए उन्होंने इंटरनेट पर जानकारी खोजी, लेकिन निर्देश समझने में मुश्किल हुई। नींद को लेकर बिग बी ने बताया कि ऑनलाइन बताए गए कई तरीके आजमाने के बाद भी उन्हें खास फायदा नहीं हुआ। आखिरकार उन्होंने प्राकृतिक तरीके से आराम करने को बेहतर बताया और अपने सोने के अनुभव को मजाकिया अंदाज में साझा किया।
नींद लाने के नुस्खे भी नहीं आए काम
अपने ब्लॉग में अमिताभ ने लिखा कि इंटरनेट पर अच्छी नींद के लिए कई तरह के शारीरिक उपाय बताए जाते हैं। उन्होंने इन तरीकों को आजमाया, लेकिन कोई खास असर नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने कंबल में सिमटकर आराम करने का तरीका अपनाने की बात कही। उनकी यह पोस्ट उनके खास अंदाज और हास्य की झलक भी दिखाती है। बिग बी ने जम्हाई आने का जिक्र करते हुए बताया कि अब उन्हें आराम करने की जरूरत महसूस हो रही है।
जिम का बिगड़ा रूटीन, फिर नियमित होने की कोशिश
अमिताभ ने अपनी फिटनेस को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि इन दिनों जिम जाना नियमित नहीं हो पा रहा है और वह दोबारा एक्सरसाइज की आदत बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, लगातार काम करने से शरीर और दिमाग दोनों थक जाते हैं। उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा कि व्यायाम करने का मन तो होता है, लेकिन कई बार शरीर आराम करने का संकेत देता है। उम्र के साथ आने वाली सीमाओं को स्वीकार करते हुए भी उन्होंने फिट रहने की कोशिश जारी रखने की बात कही।
‘कल्कि 2898 AD पार्ट 2’ में आएंगे नजर
काम की बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही फिल्म ‘कल्कि 2898 AD पार्ट 2’ में नजर आएंगे। उनकी सेहत और फिटनेस से जुड़ी यह बातें ऐसे समय सामने आई हैं, जब प्रशंसक उनकी आने वाली फिल्मों का इंतजार कर रहे हैं। बिग बी लगातार अपने ब्लॉग के जरिए निजी अनुभव और विचार साझा करते रहते हैं।
Read more-न्यूजीलैंड सीरीज से पहले शुभमन गिल का बड़ा ऐलान, बुमराह-हार्दिक को लेकर कही ये बात
