Home मनोरंजन जिस संत के नाम से जुड़ी हैं करोड़ों आस्थाएं, हनुमान अंश’ के...

जिस संत के नाम से जुड़ी हैं करोड़ों आस्थाएं, हनुमान अंश’ के बाद अब पर्दे पर दिखेगी उनकी अनसुनी कहानी

'हनुमान अंश' की सफलता के बाद साई बाबा के जीवन पर बनी फिल्म 'तेरा साई' की रिलीज डेट सामने आ गई है। संजय मिश्रा साई बाबा की भूमिका में नजर आएंगे।

हनुमान अंश

धार्मिक और आध्यात्मिक फिल्मों को मिल रही दर्शकों की पसंद के बीच अब शिरडी के साई बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘तेरा साई’ बड़े पर्दे पर आने वाली है। संत नीम करौली बाबा पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद इस नई फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट भी घोषित कर दी है। ‘तेरा साई’ 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण शैलेश एस. सांघवी कर रहे हैं, जबकि पलाश मुच्छल इसके निर्देशक और लेखक हैं। फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने शिरडी पहुंचकर साई बाबा का आशीर्वाद भी लिया।

संजय मिश्रा निभाएंगे साई बाबा का किरदार

‘तेरा साई’ की सबसे खास बात इसकी स्टारकास्ट है। फिल्म में अभिनेता संजय मिश्रा साई बाबा की भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ सयाजी शिंदे, मनोज जोशी, ओमकार दास माणिकपुरी, अविका गौर और रोहन मेहरा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी साई बाबा के जीवन और उनके विचारों के आसपास बुनी गई है। इसमें उनके लोगों के प्रति संदेश, उनके काम और उनके उपदेशों को दिखाने की कोशिश की जाएगी। फिल्म के वितरण की जिम्मेदारी सिनेपोलिस इंडिया ने संभाली है। यही कंपनी ‘हनुमान अंश’ से भी जुड़ी रही है, इसलिए इस फिल्म को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं।

‘हनुमान अंश’ की सफलता से बढ़ी उम्मीदें

‘तेरा साई’ की घोषणा ऐसे समय में हुई है जब धार्मिक विषय पर बनी ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। 7 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआत में धीमी रफ्तार से कमाई की थी। शुरुआती 15 दिनों में इसका कलेक्शन करीब डेढ़ करोड़ रुपये रहा था। इसके बाद फिल्म की कमाई में अचानक तेजी देखने को मिली और अगले 16 दिनों में इसने 120 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने कमाई के मामले में बड़ा रिकॉर्ड कायम किया। 6 सितंबर तक फिल्म का कुल कलेक्शन करीब 122 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

2027 में सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

‘हनुमान अंश’ की अप्रत्याशित सफलता ने धार्मिक और आध्यात्मिक कहानियों पर बनने वाली फिल्मों को लेकर चर्चा बढ़ा दी है। ऐसे में ‘तेरा साई’ के सामने भी दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने की चुनौती होगी। फिल्म में साई बाबा के जीवन को किस अंदाज में पेश किया जाता है और संजय मिश्रा इस चर्चित किरदार को पर्दे पर कैसे निभाते हैं, यह देखने वाली बात होगी। फिलहाल रिलीज डेट सामने आने के बाद फिल्म को लेकर चर्चा शुरू हो चुकी है। ‘तेरा साई’ 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Read more-उन्नाव के इस गांव में अचानक क्यों मची दहशत? देवर-भाभी की मौत के बाद 7 स्वाइन फ्लू केस

Exit mobile version